भीम नगरी आयोजन पर बसपा पार्षदों का तीखा हमला: निमंत्रण में भेदभाव, विकास कार्यों में गड़बड़ी- नगर निगम के सदन का अपमान बर्दाश्त नहीं
आगरा। भीम नगरी आयोजन को लेकर बहुजन समाज पार्टी के पार्षदों ने क्षेत्रीय आयोजन कमेटी पर गंभीर आरोप लगाते हुए खुलकर विरोध दर्ज कराया है। बसपा पार्षदों का कहना है कि आयोजन कमेटी ने नगर निगम के सभी पार्षदों को आमंत्रित न कर न केवल जनप्रतिनिधियों का, बल्कि पूरे सदन का अपमान किया है। उन्होंने इसे पूर्व में पारित प्रस्ताव की खुली अवहेलना बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पार्षदों ने बताया कि नगर निगम सदन में पहले ही यह प्रस्ताव पारित हो चुका है कि निगम सीमा के अंतर्गत होने वाले सभी सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सभी पार्षदों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। इसके बावजूद इस बार भीम नगरी आयोजन में कई पार्षदों को निमंत्रण नहीं दिया गया, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। उन्होंने इसे सुनियोजित भेदभाव करार दिया।
विवाद यहीं तक सीमित नहीं रहा। बसपा पार्षदों ने आयोजन से जुड़े विकास कार्यों पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि जहां आयोजन स्थल से सटे वार्डों में बुनियादी विकास कार्यों की सख्त जरूरत थी, वहां कार्य न कराकर दूर-दराज के वार्डों में काम स्वीकृत कराए गए। पार्षदों का कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है और क्षेत्रीय जनता की जरूरतों की अनदेखी करते हुए चहेते क्षेत्रों को फायदा पहुंचाने की मंशा से लिया गया है, जो कि गैर संवैधानिक है।
पार्षदों ने यह भी स्पष्ट किया कि अब जब भीम नगरी आयोजन समाप्त हो चुका है, तो बची हुई विकास योजनाओं को बिना जांच के शुरू नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने महापौर और नगर आयुक्त को पत्र लिखकर मांग की है कि पहले एक स्वतंत्र जांच कमेटी गठित की जाए, जो सभी स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करे। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे के कार्य नियमों के अनुसार शुरू कराए जाएं।
साथ ही पार्षदों ने यह भी मांग उठाई कि भविष्य में निगम निधि से जुड़े किसी भी आयोजन या विकास कार्य में सभी जनप्रतिनिधियों को नियमानुसार आमंत्रित करना अनिवार्य किया जाए, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जताने वालों में बसपा के कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद आसिफ, पूर्व नेता पार्षद दल डॉ. यशपाल सिंह, पूर्व उपनेता पार्षद दल सुनील शर्मा, पार्षद दल सचेतक इमराना अब्बास, पार्षद गंगा राम माथुर, पार्षद निधि पटेल, पार्षद प्रीति भारती, पार्षद ममता कुशवाह, पार्षद संजू देवी, पार्षद रजनी देवी, पार्षद चौधरी राधेलाल, पार्षद पुष्पा कुमारी मौर्या, पार्षद सुरेश कुशवाहा, पार्षद उषा देवी, पार्षद बेबी सहित अन्य पार्षद शामिल हैं।