आगरा को बजट का बूस्टर, बटेश्वर और एसएन मेडिकल कॉलेज पर मेहरबान योगी सरकार

योगी सरकार के 2026-27 के बजट में आगरा को चिकित्सा और पर्यटन क्षेत्र में अहम सौगातें मिली हैं। बटेश्वर के विकास के लिए 30 करोड़ रुपये, एसएन मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए 130 करोड़ रुपये से अधिक और शिवाजी म्यूजियम के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। हालांकि ताजमहल क्षेत्र के लिए कोई विशेष बजटीय घोषणा नहीं की गई।

Feb 11, 2026 - 16:02
 0
आगरा को बजट का बूस्टर, बटेश्वर और एसएन मेडिकल कॉलेज पर मेहरबान योगी सरकार
निर्माणाधीन शिवाजी म्यूजियम।

एसएन मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए 130 करोड़ से अधिक का प्रावधान, शिवाजी म्यूजियम के लिए 30 करोड़, रुका काम फिर पकड़ेगा रफ्तार 

आगरा। योगी सरकार के 2026-27 के बजट में आगरा को पर्यटन और चिकित्सा के क्षेत्र में अहम सौगातें मिली हैं। हालांकि ताजमहल के आसपास पर्यटन विकास के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर के लिए सरकार ने एक बार फिर उदारता दिखाई है।

बटेश्वर के लिए फिर खुली झोली

बटेश्वर के पर्यटन एवं धार्मिक विकास के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे पहले भी सरकार ने 30 करोड़ रुपये दिए थे, जिसे बाद में पुनरीक्षित कर 27 करोड़ रुपये कर दिया गया था। अब 2026-27 के बजट में दोबारा 30 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। बटेश्वर धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां यमुना नदी के किनारे स्थित 101 प्राचीन मंदिरों की श्रृंखला और बटेश्वर धाम मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं। साथ ही यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव भी है, जहां उनका बचपन बीता था।

एसएन मेडिकल कॉलेज को बड़ा संबल

आगरा की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने एसएन मेडिकल कॉलेज के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया है। बजट में 130 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। एसएन की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग के लिए 125 करोड़ रुपये और अत्याधुनिक मशीनों और उपकरणों के लिए 5.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे मेडिकल कॉलेज में आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

शिवाजी म्यूजियम को मिली नई गति

ताजमहल के पास निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम के लिए भी सरकार ने 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट दिया है। कई वर्षों से रुका हुआ यह प्रोजेक्ट अब फिर से गति पकड़ चुका है। इसके अलावा शहर में सड़कों, पुलों और स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए भी अलग से बजटीय प्रावधान किए गए हैं, जिससे आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ताजमहल क्षेत्र फिर रहा खाली हाथ

एक ओर जहां बटेश्वर को लगातार बजटीय सहायता मिल रही है, वहीं ताजमहल के आसपास पर्यटन विकास के लिए इस बार भी कोई अलग प्रावधान नहीं किया गया। इससे पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों में चर्चा का माहौल है।