बरेली में सड़क पर मौत बनकर आया सांड, सर्राफा कारोबारी को बाइक समेत उछाल दिया, मौत
बरेली। बरेली जिले के नवाबगंज कस्बे में मंगलवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक आवारा सांड ने प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी ब्रजपाल गंगवार को बाइक समेत उछाल दिया। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
-आवारा पशुओं की समस्या पर गरमाई सियासत, मंत्री के जिले में नहीं थम रहा कहर
65 वर्षीय ब्रजपाल गंगवार, गंगवार कॉलोनी, नवाबगंज के निवासी थे और हर रोज़ की तरह अपने व्यवसाय के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह बिजोरिया रोड स्थित महाराज लॉन के पास पहुंचे, अचानक एक बिगड़ैल सांड ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे दूर जा गिरे और बेहोश हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की पुष्टि नवाबगंज क्षेत्राधिकारी गौरव यादव ने की है।
आवारा जानवरों पर भड़के जनप्रतिनिधि
इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, ब्रजपाल गंगवार हमारे अत्यंत करीबी थे। यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। भगवान उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।
उन्होंने स्वीकार किया कि नवाबगंज सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन को इस पर तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए।
वहीं, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और नवाबगंज के पूर्व विधायक भगवत सरन गंगवार ने प्रदेश सरकार और पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पर सीधा सवाल उठाते हुए कहा, जब पशुधन मंत्री खुद बरेली के हैं, तो उनके गृह जिले में ही आवारा पशुओं की समस्या क्यों नहीं सुलझ रही? जिला प्रशासन झूठी रिपोर्टें भेज रहा है जबकि किसान पूरी-पूरी रात खेतों में पहरा दे रहे हैं।
प्रशासन पर जनता का बढ़ता रोष
इस घटना के बाद लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। सवाल उठ रहे हैं कि कब तक बेगुनाह नागरिक और किसान आवारा पशुओं के शिकार बनते रहेंगे?