पार्क की जमीन पर बनी कामधेनु गौशाला पर चला बुलडोजर, बरेली में विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई

-आरके सिंह- बरेली। बरेली में अवैध निर्माणों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मौलानगर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से सरकारी पार्क की जमीन पर बने कामधेनु गौशाला परिसर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। न्यायालय और प्राधिकरण के आदेशों के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और पीएसी का भारी सुरक्षा बल तैनात रहा। विरोध और नोकझोंक के बीच प्रशासन ने अभियान शांतिपूर्वक पूरा कराया।

Jul 28, 2026 - 19:36
 0
पार्क की जमीन पर बनी कामधेनु गौशाला पर चला बुलडोजर, बरेली में विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई
बरेली में पार्क की जमीन पर बनी गौशाला को ध्वस्त करता बुलडोजर।

बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने बताया कि मौलानगर स्थित सरकारी पार्क की जमीन पर कथित रूप से बने कामधेनु गौशाला परिसर को मंगलवार को ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई न्यायालय और प्राधिकरण के आदेशों के अनुपालन में की गई है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 24 जुलाई को भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन उस दिन बीडीए की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। मंगलवार को टीम बुलडोजरों और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची तथा निर्धारित कार्रवाई को पूरा किया।

ध्वस्तीकरण अभियान को लेकर सुबह से ही पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रेमनगर थाना पुलिस, एक कंपनी पीएसी, सीओ सिटी और मजिस्ट्रेट मौके पर तैनात रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए अभियान पूरा कराया।

उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने बताया कि राजस्व और तकनीकी टीम पूरे मामले का आकलन कर रही है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी।

बरेली विकास प्राधिकरण के अनुसार, महामंडलेश्वर संजीव गौड़ द्वारा संचालित कामधेनु गौशाला पर मौलानगर में लगभग 500 वर्गगज सरकारी पार्क की जमीन पर निर्माण करने का आरोप था। स्थानीय निवासियों ने बीडीए से शिकायत की थी कि इस निर्माण के कारण बच्चों के खेलने और लोगों के टहलने के लिए निर्धारित सार्वजनिक पार्क की जगह प्रभावित हो रही है।

शिकायत मिलने के बाद प्राधिकरण ने मामले की जांच कराई। जांच में निर्माण को कथित रूप से अवैध पाए जाने पर ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए। बीडीए के अनुसार, मौलानगर के निवासियों ने यह भी शिकायत की थी कि करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पर गौशाला के नाम पर कब्जा किया गया है।

मंगलवार को हुई इस कार्रवाई के साथ बीडीए ने स्पष्ट संकेत दिया कि सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor