रायभा टोल प्लाजा पर दबंगई, कर्मियों ने कार का शीशा तोड़ा, महिलाओं से अभद्रता, पीड़ित परिवार न्याय को भटका

आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी बाईपास स्थित रायभा टोल प्लाजा पर शनिवार शाम टोल कर्मियों की कथित दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। मथुरा दर्शन कर लौट रहे मध्य प्रदेश के एक परिवार की कार का शीशा तोड़ने और विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप टोल कर्मियों पर लगा है। हैरानी की बात यह है कि सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी पीड़ितों ने निष्पक्ष कार्रवाई न करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच से इनकार करने का आरोप लगाया है।

Jan 4, 2026 - 11:21
 0
रायभा टोल प्लाजा पर दबंगई, कर्मियों ने कार का शीशा तोड़ा, महिलाओं से अभद्रता, पीड़ित परिवार न्याय को भटका
पीड़ित परिवार कार के साथ।

मथुरा दर्शन से लौट रहे परिवार के साथ बदसलूकी, सीसीटीवी जांच से भी पुलिस ने किया इनकार

आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी बाईपास स्थित रायभा टोल प्लाजा पर शनिवार शाम टोल कर्मियों की कथित दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। मथुरा दर्शन कर लौट रहे मध्य प्रदेश के एक परिवार की कार का शीशा तोड़ने और विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप टोल कर्मियों पर लगा है। हैरानी की बात यह है कि सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी पीड़ितों ने निष्पक्ष कार्रवाई न करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच से इनकार करने का आरोप लगाया है।

मथुरा दर्शन से लौटते वक्त हुआ विवाद

पीड़ित गजेंद्र सिंह भदौरिया और रिंकी साहू, निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश), ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे वे मथुरा-गोवर्धन परिक्रमा के बाद परिवार के साथ लौट रहे थे। रायभा टोल प्लाजा पर आगे खड़ी गाड़ी निकलने के बाद उन्होंने कुछ सेकंड के लिए अपनी कार रोकी। इसके बाद टोल बैरियर स्वतः उठ गया, जिसे देखकर उन्होंने वाहन आगे बढ़ा दिया।

टोल कर्मी ने तोड़ा शीशा

पीड़ितों के अनुसार, इसी दौरान पीछे से आए एक टोल कर्मी ने हाथ में पहने कड़े से कार पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे कार का शीशा चकनाचूर हो गया। अचानक हुए इस हमले से परिवार में हड़कंप मच गया और महिलाएं व बच्चे डर गए।

विरोध पर गाली-गलौज और अभद्रता का आरोप

जब पीड़ितों ने कार रोककर विरोध जताया, तो कई टोल कर्मी एकत्र हो गए और टोल न कटने का आरोप लगाने लगे। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने स्पष्ट किया कि बैरियर खुलने के बाद ही गाड़ी आगे बढ़ाई गई थी, फिर शीशा तोड़ना पूरी तरह अनुचित था। आरोप है कि इसके बाद टोल कर्मियों ने महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की।

पुलिस पर निष्क्रियता और पक्षपात के आरोप

घटना की सूचना पर कुकथला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ितों ने सच्चाई सामने लाने के लिए टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने की मांग की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कैमरे चेक कराने से साफ मना कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार चौकी क्षेत्र के एक दरोगा ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि सीसीटीवी जांच उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती।

न्याय के लिए किसके पास जाएं?

पीड़ितों ने पुलिस पर धमकाने और टोल कर्मियों के पक्ष में खड़े होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब पुलिस ही सच्चाई जानने के लिए सबूत नहीं देखती, तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करे। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे सोमवार को आगरा पहुंचकर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर टोल कर्मियों की दबंगई और पुलिस के कथित अमानवीय रवैये की लिखित शिकायत करेंगे।