गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर से भिड़ी बस, चार यात्रियों की मौत, अंबेडकरनगर में तड़के करीब 5:30 बजे हुआ हादसा, तीन यात्री गंभीर, दोनों वाहनों के चालक फरार

अंबेडकरनगर। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के दिल्ली से दरभंगा जा रही एसी स्लीपर बस टाइल्स लदे ट्रेलर से जा भिड़ी। अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र में अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास करीब 5:30 बजे हुए इस भीषण हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा आगे से पीछे तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Oct 2, 2026 - 22:05
 0
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर से भिड़ी बस, चार यात्रियों की मौत, अंबेडकरनगर में तड़के करीब 5:30 बजे हुआ हादसा, तीन यात्री गंभीर, दोनों वाहनों के चालक फरार
हादसे में क्षतिग्रस्त बस।

पुलिस के अनुसार बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे दरभंगा के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 43 यात्री सवार थे। शुक्रवार सुबह जैतपुर क्षेत्र में अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर बस आगे चल रहे टाइल्स लदे ट्रेलर से टकरा गई। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है, हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

टक्कर बस के बाएं हिस्से में हुई, जहां स्लीपर सीटों पर कई यात्री सो रहे थे। जोरदार भिड़ंत के बाद कई यात्री बुरी तरह प्रभावित हुए। सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे में मृतकों में बिहार के वैशाली निवासी सचिन कुमार (28), दरभंगा निवासी नौशाद (36) और कुशीनगर के हाटा निवासी परवेज अंसारी (34) की पहचान हो गई है। चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी थी। घायलों में सुमित मिश्रा, सुमित आनंद और रिंकू कुमारी शामिल हैं। तीनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। ट्रेलर पर लदी टाइल्स भी सड़क पर बिखर गईं। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बस और ट्रेलर के चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

पुलिस हादसे की परिस्थितियों, बस की गति और चालक को झपकी आने सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल प्रारंभिक जांच में चालक की झपकी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor