आगरा के बरहन कस्बे में 25 करोड़ की लागत से बनेगा बाईपास, जाम के झाम से मिलेगी मुक्ति, क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के प्रयास रंग लाए, शासन ने जारी की पहली किस्त, 18 माह में पूरा होगा निर्माण

आगरा। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी और लंबे समय से प्रतीक्षित सौगात सामने आई है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के निरंतर प्रयासों से शासन ने बरहन कस्बे के लिए बाईपास निर्माण को मंजूरी दे दी है। लगभग 3.950 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के निर्माण हेतु धनराशि की पहली किस्त 8 करोड़ 86 लाख रुपये जारी कर दी गई है। यह बाईपास एत्मादपुर–बरहन रोड पर नगला गोल से शुरू होकर आंवलखेड़ा रोड से जुड़ेगा, जिससे कस्बे के भीतर लगने वाले स्थायी जाम से जनता को राहत मिलेगी।

Jan 30, 2026 - 20:12
 0
आगरा के बरहन कस्बे में 25 करोड़ की लागत से बनेगा बाईपास, जाम के झाम से मिलेगी मुक्ति, क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के प्रयास रंग लाए, शासन ने जारी की पहली किस्त, 18 माह में पूरा होगा निर्माण

विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शासन की व्यय वित्त समिति द्वारा यह परियोजना पांच वर्षों के अनुरक्षण सहित कुल 25.33 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत की गई है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के उनु सचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव द्वारा औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य 18 महीने के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय मुख्य अभियंता को साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश भी दिए गए हैं।

गौरतलब है कि भले ही बरहन प्रशासनिक रूप से ग्राम पंचायत है, लेकिन व्यवहार में यह एक बड़े और व्यस्त कस्बे का स्वरूप ले चुका है। एत्मादपुर की ओर से बरहन में प्रवेश करने वाला मार्ग दोनों ओर दुकानों और मकानों के कारण अत्यंत संकरा हो गया था। परिणामस्वरूप यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आंवलखेड़ा की ओर जाने वाले वाहन चालकों, स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने बाईपास निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह परियोजना बरहन की सबसे गंभीर समस्या का स्थायी समाधान साबित होगी। बाईपास के बनते ही यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और कस्बे के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य होते रहेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor