एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में आगरा कॉलेज के कैडेट्स बने ओवरऑल चैंपियन
आगरा। अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आगरा कॉलेज, आगरा के एनसीसी कैडेट्स ने 1 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर–17 में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। यह उपलब्धि कॉलेज ही नहीं, बल्कि समूचे आगरा जनपद के लिए गौरव का विषय बनी है।
एयर फोर्स स्टेशन आगरा स्थित एयर फोर्स स्कूल में कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप–17 का समापन गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। इस शिविर में सीनियर श्रेणी के अंतर्गत आगरा कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने ड्रिल प्रतियोगिता, बेस्ट कैडेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
कैम्प समापन समारोह में शिविर के कैम्प कमांडर विंग कमांडर के. एस. नेगी ने विजेता कैडेट्स को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता की प्रशंसा करते हुए इसे एनसीसी प्रशिक्षण का उत्कृष्ट परिणाम बताया।
इस उल्लेखनीय सफलता पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी कैडेट्स को बधाई दी और कहा कि एनसीसी न केवल युवाओं में अनुशासन विकसित करती है, बल्कि उनमें राष्ट्रसेवा और नेतृत्व की भावना को भी सुदृढ़ बनाती है।
शिविर में आगरा कॉलेज से कैडेट तौफीक, रणजीत, आकाश, दीक्षा, नितिन, वैष्णवी सहित कुल 38 कैडेट्स ने सहभागिता की। उक्त जानकारी डिप्टी कैम्प कमांडर फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा द्वारा दी गई।