आगरा से ‘घर-घर समाजवादी’ का शंखनाद, शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में जनता से संवाद का ऐलान

समाजवादी पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मज़बूत करने के उद्देश्य से आगरा में ‘घर-घर समाजवादी’ जनजागरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। फतेहाबाद रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में यह रणनीतिक फैसला लिया गया, जिसकी अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने की।

Jan 3, 2026 - 19:49
 0
आगरा से ‘घर-घर समाजवादी’ का शंखनाद, शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में जनता से संवाद का ऐलान
समाजवादी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास।

आगरा। समाजवादी पार्टी कार्यालय, फतेहाबाद रोड पर आयोजित बैठक में संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, बूथ प्रभारी, सेक्टर प्रभारी और विधानसभा स्तर पर नियुक्त सभी जिम्मेदार साथी अभियान के तहत घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे।

इस जनजागरण अभियान के माध्यम से समाजवादी विचारधारा, पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना और जनता के सामने सच्चाई रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी केवल चुनावी समय की पार्टी नहीं है, बल्कि हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी रहने वाली संघर्षशील पार्टी है।

शब्बीर अब्बास ने कहा कि महंगाई, बेरोज़गारी, किसानों की दुर्दशा, युवाओं के भविष्य और संविधान पर हो रहे हमलों जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी हर गली और हर मोहल्ले तक पहुंचेगी। उन्होंने जानकारी दी कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बूथ, सेक्टर और विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं, ताकि यह अभियान पूरी मजबूती, अनुशासन और एकजुटता के साथ संचालित हो सके।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ इस अभियान को सफल बनाएं और समाजवादी आंदोलन को नई दिशा व नई ऊंचाई देने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह जनजागरण अभियान संगठन को मज़बूती देने के साथ-साथ जनता की आवाज़ को और बुलंद करेगा।

बैठक का संचालन पुष्पेंद्र शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुष्पेंद्र शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा और रामसहाय यादव, फर्रुखशियर, ममता, टपलू, अमरीश फौजदार, सतीश चाहर, राहुल चौधरी, समीर अब्बास, कादिर कुरैशी सहित अनेक समाजवादी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

Bottom of Form

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor