भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने का आह्वान, आगरा में बल्केश्वर के विराट हिंदू सम्मेलन में हिंदू संस्कृति के संरक्षण और संगठन की शक्ति का उद्घोष
आगरा। भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के लिए हिंदू संस्कृति के संरक्षण, संस्कार और संगठन को जीवन-व्यवहार का हिस्सा बनाने का सशक्त आह्वान सोमवार को गंगे गौरी पार्क, बल्केश्वर में गूंजा। बाबा बल्केश्वर नाथ हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में संतों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति ने हिंदू समाज की एकजुटता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
मुख्य वक्ता संत अतुल कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि बच्चों को संतों, शास्त्रों और संघ का संग दीजिए, ताकि वे दुर्गुणों से दूर रहें और संस्कारवान बनें। उन्होंने सामाजिक आचरण में धार्मिक ग्रंथों के नियमित पठन-पाठन और सेवा-भाव को जोड़ने का संदेश देते हुए कहा कि जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ जैसे अवसरों पर घर-घर रामायण पहुंचाने से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत के विश्व गुरु बनने से विश्व में करुणा, प्रेम और सद्भाव का विस्तार होगा तथा हिंसा और नफरत में कमी आएगी।
संत अतुल कृष्ण भारद्वाज ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ ने समाज को जोड़ने का सतत कार्य किया है, इसलिए युवाओं और बच्चों को संगठन से जोड़ना समय की मांग है।
क्षेत्रीय पार्षद हरिओम बाबा ने अपने संबोधन में सामाजिक पहचान को संकीर्ण जातीय दायरों से ऊपर उठाकर सामूहिक हिंदू एकता पर केंद्रित करने की बात कही। विश्वेंद्र सिंह चौहान ने इतिहासबोध और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण पर बल देते हुए राष्ट्र-भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष अनुज गोयल, अशोक कुलश्रेष्ठ, डॉ. पारुल महाजन, राज बहादुर सिंह राज, महेश ग्वाला, सत्यश्रवा और आशा अग्रवाल ने भी सारगर्भित विचार रखे। समिति के अध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी निखिल गोयल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में श्याम अग्रवाल ने- जागो तो एक बार हिंदू जागो तो... गीत से वातावरण में जोश भर दिया। पौरुष, राघवेंद्र और अरुण की टीम ने सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। मिष्ठी और नव्या गुप्ता ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन रमन अग्रवाल, ब्रह्मा गुप्ता और बृजेश गुप्ता ने किया। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी महामंत्री स्पर्श जैन, निश्चल गोयल, संदीप गुप्ता, पवन दिवाकर, ललिता राठौर और राजा चौधरी ने संभाली। इस अवसर पर ताराचंद मित्तल, राकेश त्यागी, मनीषा भरतिया, शशि गुप्ता, ममता सिंघल, कुमकुम उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।