आगरा के माल रोड पर पुरातत्व कार्यालय के सामने धू-धू कर जली कार, गुजरता रहा यातायात
आगरा। शहर की व्यस्ततम माल रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एनसीसी कार्यालय के बाहर और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) कार्यालय के सामने एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। हैरानी की बात यह रही कि सड़क पर सामान्य रूप से यातायात चलता रहा और लोग जलती हुई कार को देखते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार माल रोड स्थित एनसीसी कार्यालय के बाहर एक आई-20 कार में धुआं उठना शुरू हुआ। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि कार में आग लगने का कारण क्या रहा, लेकिन गाड़ी को देखकर लग रहा है कि यह मामला एक्सीडेंट का हो सकता है क्योंकि गाड़ी का पिछला हिस्सा डैमेज दिखाई दे रहा था जबकि अगला हिस्सा एक पोल में घुसा हुआ था।
कार में लगी आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। इसके बावजूद सड़क पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। कई राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से घटना के वीडियो भी बनाए।
जिस स्थान पर कार में आग लगी, वह शहर का अत्यंत व्यस्त इलाका माना जाता है। आसपास सरकारी कार्यालय और लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है।