आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव में कंटेनर के नीचे घुसी कार, चार की मौके पर ही मौत

उन्नाव। रफ्तार एक बार फिर मौत बनकर दौड़ी है। एक चूक ने चार जिंदगियों को हमेशा के लिए थाम दिया। बांगरमऊ (जनपद उन्नाव) में रविवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। यह हादसा एक कार और कंटेनर की टक्कर से हुआ।

May 25, 2025 - 21:13
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव में कंटेनर के नीचे घुसी कार, चार की मौके पर ही मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव जिले की सीमा में रविवार को दुर्घटनाग्रस्त कार जो कंटेनर के नीचे घुसी दिखाई दे रही है।  

हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार कंटेनर से एक कार जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कंटेनर के नीचे जा घुसी। टक्कर के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल को कार को बाहर निकालने में मशक्कत करनी पड़ी।

कार में सवार आरुषि (26 वर्ष), विनय पाठक (52 वर्ष), सीमा उपाध्याय (55 वर्ष) और उमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो लोग एक ही परिवार के बताए गए हैं। ये सभी बिहार से गाजियाबाद जा रहे थे कि बांगरमऊ पहुंचते ही यह भीषण हादसा हो गया।

हादसे के बाद का मंजर – सिर्फ सन्नाटा और आंसू

एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद का दृश्य दिल दहला देने वाला था। बुरी तरह पिचकी कार, चार निष्प्राण देह। स्थानीय लोग भी हादसे की भयावहता देखकर सिहर उठे।

रफ्तार पर लगाम कौन लगाएगा?

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यह कोई पहला हादसा नहीं है। तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही ने इसे खतरनाक बना दिया है। अब तक तमाम जिंदगियां इस आधुनिक सड़क पर खत्म हो चुकी हैं, मगर न गति पर नियंत्रण है, न कोई ठोस व्यवस्था।

SP_Singh AURGURU Editor