आगरा के किरावली क्षेत्र में शराब के ठेकों पर तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में 40 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ केस दर्ज, तीन गिरफ्तार कर जेल भेजे गये, ये स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी या षडयंत्र?

आगरा के किरावली क्षेत्र में मङुअर स्थित शराब के ठेकों पर विगत दिवस हुए बवाल के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या ये स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी या फिर कोई षडयंत्र। कहा जा रहा है कि शराबियों से बढ़ती परेशानी और घरेलू कलह से आक्रोशित ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा था। थाना किरावली क्षेत्र के गांव महुअर स्थित शराब के ठेके पर एकत्रित भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ ही नहीं की थी बल्कि भारी मात्रा में शराब नष्ट कर दी और गल्ला लूटने का भी आरोप सामने आया। अब इस मामले में पुलिस ने 30 से 40 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर दबी जुबान से बवाल के पीछे साजिश की बातें भी कही जा रही हैं। 

Dec 16, 2025 - 20:01
 0
आगरा के किरावली क्षेत्र में शराब के ठेकों पर तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में 40 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ केस दर्ज, तीन गिरफ्तार कर जेल भेजे गये, ये स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी या षडयंत्र?
शराब के ठेके पर तोड़फोड़ करती महिलाएं।

आगरा। थाना किरावली के गांव महूअर में स्थित शराब के ठेके पर बीते दिनों आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने धावा बोल दिया था। बताया गया कि क्षेत्र में शराबियों की बढ़ती गतिविधियों से महिलाओं और परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी आक्रोश के चलते 30 से 40 महिला-पुरुषों की भीड़ एकत्रित हुई और ठेके पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने ठेके में रखी शराब को बाहर निकालकर नष्ट कर दिया। इस दौरान ठेके के गल्ले से नकदी लूटने का भी आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया।

पुलिस ने ठेका संचालक की तहरीर पर 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब का ठेका खुलने के बाद से आए दिन झगड़े, गाली-गलौज और घरेलू कलह बढ़ गई थी। कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता गया, जो अंततः बवाल में बदल गया।

अंग्रेजी शराब ठेके का संचालन वकील खां तथा देशी शराब का श्यामवीर नामक युवक करता है। पीड़ित सेल्समैन ने बताया कि हाथों में लाठी डंडों से लैश महुअर गांव की लगभग 30 महिलाओं और 10 युवकों ने ठेके पर अचानक हमला बोल दिया।

कंपोजिस्ट बीयर केंद्र और दोनों शराब की दुकानों पर भारी तोड़फोड़ की तथा गल्ले की पेटी में रखे 22,840 रुपए लूटकर ले गए। शराब ठेके के मालिक की तहरीर पर विभिन्न आपराधिक धाराओं के अंतर्गत 40 महिलाओं-पुरुषों के खिलाफ अपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरी ओर ग्रामीणों ने अपना गुप्त रखने की शर्त पर यह भी बताया कि पड़ोसी गांव का एक युवक ठेकेदार से रंगदारी वसूल करने की कोशिश कर रहा था। जब सेल्समैन ने युवक की बात नहीं मानी तो उसने महिलाओं को शराब ठेका मालिक के खिलाफ भड़काकर हमला करने के लिए प्रेरित कर दिया।

आबकारी निरीक्षक अंकुर गुप्ता ने बताया कि महिलाओं ने शराब ठेके पर जिस तरीके से हिंसक हमला किया यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि अगर ग्रामीणों को कोई परेशानी थी तो आबकारी अधिकारियों और पुलिस थाने में शिकायत करते। उन्होंने ठेके से धनराशि लूटने के बारे में भी पुष्टि की है।

आबकारी अधिकारी ने बताया कि हिंसा भड़काने वाले संदिग्ध चरित्र वाले व्यक्तियों के बारे में गोपनीय जांच कराई जा रही है।

थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि तीन बवाली गिरफ्तार किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor