जातीय जनगणना से ताकत और ताकत से बराबरी मिलेगीः डॉ. संजय निषाद

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जातीय जनगणना की अधिसूचना जारी किया जाना एक ऐतिहासिक और साहसिक कदम है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय और वंचित समाजों के सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक प्रयास बताया।

Jun 17, 2025 - 20:48
 0
जातीय जनगणना से ताकत और ताकत से बराबरी मिलेगीः डॉ. संजय निषाद
बरेली में बरेली मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों के मत्स्य पालकों की मंडलीय गोष्ठी को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद।

-बरेली की मंडलीय गोष्ठी में बोले मत्स्य मंत्री, बताया ऐतिहासिक फैसला

डॉ. निषाद मंगलवार को बरेली में बरेली मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों के मत्स्य पालकों की मंडलीय गोष्ठी को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह केवल गिनती नहीं, बल्कि हक, सम्मान और बराबरी की लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि इस जनगणना से निषाद, मल्लाह, केवट, बिंद, कश्यप, गोंड, बाथम, धीवर, मांझी, रायकवार जैसे जलाशय आधारित परंपरागत रूप से वंचित समाजों की वास्तविक संख्या सामने आएगी, जिससे राजनीतिक, आर्थिक और शैक्षिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि यह निर्णय उनके सामाजिक न्याय और वंचितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का परिचायक है। निषाद पार्टी इस मुद्दे पर शुरू से ही संघर्ष करती रही है।

डॉ. निषाद ने समाज के लोगों से जनगणना प्रक्रिया में ईमानदारी और जागरूकता के साथ भाग लेने की अपील की और कहा कि गिनती होगी तभी हक मिलेगा, गिनती से ताकत और ताकत से बराबरी मिलेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मत्स्य पालक, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं निषाद पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor