₹1 करोड़ की लागत से गांव-गांव चमकी सीसी सड़कें, एमएलसी विजय शिवहरे की पहल से बदली तस्वीर
विधायक विजय शिवहरे द्वारा करीब ₹1 करोड़ की लागत से कई ग्राम पंचायतों में सीसी सड़क निर्माण कार्य पूरे कराए गए हैं। इससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलेगी।
आगरा। जनसेवा और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए विधायक, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे लगातार विकास कार्यों को गति दे रहे हैं। इसी क्रम में उनकी विधायक निधि से करीब ₹1 करोड़ की लागत से विभिन्न ग्राम पंचायतों में सीसी सड़क निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कराए गए हैं।
इन विकास कार्यों के तहत कई गांवों में लंबे समय से चली आ रही खराब सड़कों की समस्या का समाधान किया गया है। ग्राम नैनाना ब्राह्मण में राजीव गार्डन से बन्टी शर्मा के घर होते हुए बृजेश के घर तक, ग्राम तेहरा में भगवान सिंह के प्लॉट से हरीचंद के घर तक, तथा ग्राम पंचायत सलेमाबाद (गढ़ी नंदू) में श्यामबाबू के घर से बृजेश के घर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया गया।
इसी प्रकार ग्राम सगुनापुर में प्राथमिक पाठशाला से कंपाउंडर के घर तक, ग्राम गोपऊ में ठाकुर प्रेम सिंह के घर से दीनदयाल के घर तक, ग्राम वॉईखेड़ा में विनोद के घर से राजन के घर तक और केदार के घर से विनोद के घर तक, तथा ग्राम खेड़ाभगोर में राममुकुट के घर से पथवारी माता मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य कराया गया है।
इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को अब कच्चे और जर्जर रास्तों से निजात मिल गई है। बरसात के समय होने वाली परेशानी में भी काफी कमी आएगी और आवागमन सुगम होगा। साथ ही, यह कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर विजय शिवहरे ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका लक्ष्य है कि हर गांव तक विकास की किरण पहुंचे और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें। वहीं, क्षेत्रवासियों ने इन कार्यों के लिए आभार जताते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताया और कहा कि इससे गांवों की तस्वीर बदलने लगी है।