50 साल की स्वर्णिम यात्रा का जश्न: एक्मा तीन अगस्त को मनाएगी स्थापना वर्ष समारोह
आगरा। आगरा के कपड़ा व्यापार जगत की अग्रणी संस्था आगरा क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसियेशन (एक्मा) अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्णिम स्थापना वर्ष समारोह को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में मनाने जा रही है। इस अवसर पर आगामी 3 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोह के आमंत्रण पत्र का सोमवार को विधिवत विमोचन किया गया। समारोह में संस्था के संस्थापक, वरिष्ठ सदस्यों एवं कपड़ा व्यापार से जुड़े प्रतिष्ठित व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही संस्था की 50 वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर आधारित स्मारिका ‘सुवर्णिका’ का भी विमोचन होगा।
एसोसियेशन के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल ने बताया कि आगरा क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसियेशन पिछले पांच दशकों से कपड़ा व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापारिक समस्याओं के समाधान, सामाजिक सरोकारों और व्यापारी एकता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था ने समय-समय पर व्यापारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है और बेहतर व्यापारिक वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है।
महामंत्री संजय अग्रवाल ने बताया कि स्वर्णिम स्थापना वर्ष समारोह 3 अगस्त को शाम 5 बजे से अग्रवन (भूतल), वाटर वर्क्स चौराहा पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा दक्षिण के विधायक योगेंद्र उपाध्याय होंगे।
उन्होंने बताया कि समारोह में महापौर हेमलता दिवाकर, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग, आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कोषाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल ने कहा कि इस अवसर पर संस्था की स्वर्णिम यात्रा पर आधारित स्मारिका ‘सुवर्णिका’ का भी लोकार्पण किया जाएगा।
मंत्री राजीव गुप्ता ने बताया कि समारोह के दौरान संस्था के संस्थापक अशोक गोयल सहित वरिष्ठ सदस्यों एवं कपड़ा व्यापार से जुड़े उन प्रतिष्ठित व्यापारियों को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिनके समर्पण, मार्गदर्शन और सहयोग से आगरा क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसियेशन लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर रही है।
आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष माधव प्रसाद अग्रवाल, मंत्री विष्णु जैन सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।