मातृशक्ति के सम्मान में भक्ति का उत्सव: शमसाबाद में सुंदरकांड पाठ के साथ जिला पंचायत का मातृ वंदन समारोह, 1500 महिलाओं को साड़ी वितरण

आगरा। भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के सम्मान और भक्ति भाव के अद्भुत संगम का सजीव दृश्य शमसाबाद स्थित जीआर कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस परिसर में देखने को मिला, जहां जिला पंचायत द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं मातृ वंदन स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत इस आयोजन ने महिलाओं के सम्मान और सहभागिता को केंद्र में रखकर एक सशक्त संदेश दिया।

Jan 28, 2026 - 20:23
 0
मातृशक्ति के सम्मान में भक्ति का उत्सव: शमसाबाद में सुंदरकांड पाठ के साथ जिला पंचायत का मातृ वंदन समारोह, 1500 महिलाओं को साड़ी वितरण
शमसाबाद स्थित जीआर कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस परिसर में जिला पंचायत द्वारा आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं मातृ वंदन समारोह में महिलाओं को साड़ी वितरित करतीं राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान। साथ में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया।

जिला पंचायत आगरा के तत्वावधान में आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं मातृ वंदन स्वागत समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष हाथरस सीमा उपाध्याय, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा और ब्लॉक प्रमुख गिरजा देवी ने संयुक्त रूप से दीप जलाया।

इसके पश्चात संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ, जिसने पूरे परिसर को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। भजनों और चौपाइयों के बीच उपस्थित महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव में सहभागिता की।

मुख्य अतिथि डॉ. बबिता चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि मातृ सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा है। जब समाज अपनी मातृशक्ति का सम्मान करता है, तभी सामाजिक संतुलन और नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है। उन्होंने कहा कि मातृ वंदन जैसे आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास, सम्मान और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं और भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाने की प्रेरणा देते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने बताया कि इस आयोजन के अंतर्गत 1500 महिलाओं को साड़ी वितरित की गई, जो मातृ सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मातृ वंदन समारोह हमारी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व का सजीव उदाहरण है, जिससे महिलाओं को सम्मान के साथ अपनत्व का अनुभव होता है।

पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि नारी का सम्मान ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव है। सुंदरकांड पाठ जैसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मातृ वंदन समारोह महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है।

समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और सामूहिक मंगलकामनाओं के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक चेतना से भर उठा।

SP_Singh AURGURU Editor