देशभक्ति, अनुशासन और ऊर्जा का उत्सव: आगरा कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया 78वाँ एनसीसी दिवस

आगरा कॉलेज में 78वां एनसीसी स्थापना दिवस उत्साह, जोश और राष्ट्रीय भावना से सराबोर रहा। कैडेट्स ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सुर–लय–नृत्य और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों के माध्यम से एनसीसी की मूल भावना अनुशासन, साहस और समर्पण को जीवंत किया।

Dec 4, 2025 - 17:28
 0
देशभक्ति, अनुशासन और ऊर्जा का उत्सव: आगरा कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया 78वाँ एनसीसी दिवस
आगरा कॊलेज में 78वें एनसीसी स्थापना दिवस के मौके पर कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत नाटक ऒपरेशन सिंदूर का एक दृश्य।

आगरा। एनसीसी आर्मी विंग, आगरा कॉलेज के तत्वावधान में कॉलेज ऑडिटोरियम हॉल में बुधवार को 78वां एनसीसी स्थापना दिवस अत्यंत उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम और कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की।

प्राचार्य प्रो. गौतम ने अपने संबोधन में एनसीसी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस युवा कैडेट्स में अनुशासन, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करता है। कैप्टन अमित अग्रवाल ने कैडेट्स की प्रस्तुतियों और कौशल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक उत्कृष्टता की ओर प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और कैडेट प्रियंका के गणेश नृत्य से हुई। इसके बाद कैडेट पूजा ने गुजराती नृत्य, कैडेट दिव्यांशी ने राजस्थानी नृत्य, कैडेट शगुन ने बंगाली नृत्य, अदिति, संजना, प्रियंका  ने समूह नृत्य और सार्जेंट युवराज ने देशभक्ति धुनों पर बांसुरी वादन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा ऑपरेशन सिंदूर नामक नुक्कड़ नाटक, जिसमें कैडेट्स ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर भारत की वीरतापूर्ण प्रतिक्रिया को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। यह प्रस्तुति दर्शकों में देशभक्ति का संचार करती रही। नुक्कड़ नाटक में कैडेट हृदय, हर्षित, रोहित, सूर्यांश, सक्षम, संदीप, ऋषभ, संजना, सना और प्रिया ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का संचालन एसयूओ तमन्ना परमार और कैडेट प्राशी अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों का स्वागत एसयूओ लवकुश एवं एसयूओ मनोज जुरैल ने किया, जबकि आभार यूओ यामिनी चाहर ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रो. वीके सिंह, प्रो. बीके चिकारा, प्रो. शैलेन्द्र कुमार, प्रो. अमित चौधरी, प्रो. केशव सिंह, डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. रवि शंकर सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा, डॉ. एस. पी. सिंह, डॉ. चेतन गौतम, डॉ. अविनाश जैन और डॉ. अचिंत वर्मा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सार्जेंट प्रिया चाहर, अरुण, रोहित कर्दम, हिमांशु, समायरा, संजना, हर्षकांत और आकाश सोलंकी का विशेष योगदान रहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जयघोष के साथ हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor