लाल विचारों का शताब्दी उत्सव: माथुर वैश्य सभागार में गूंजे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के क्रांतिकारी स्वर, वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान, आगरा के दिवंगत नेताओं का स्मरण

आगरा। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर सामाजिक न्याय और श्रमिक अधिकारों की लड़ाई में ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाली भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का शताब्दी समारोह रविवार को पचकुइयां स्थित माथुर वैश्य सभा भवन में वैचारिक जोश और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। जनगीतों, स्मृति नमन, सम्मान समारोह और क्रांतिकारी वक्तव्यों से सजा यह आयोजन लाल विचारधारा की निरंतरता का सशक्त संदेश बनकर उभरा।

Dec 19, 2025 - 18:25
 0
लाल विचारों का शताब्दी उत्सव: माथुर वैश्य सभागार में गूंजे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के क्रांतिकारी स्वर, वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान, आगरा के दिवंगत नेताओं का स्मरण
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के शताब्दी वर्ष के मौके पर शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेता। दूसरे चित्र में गीत प्रस्तुत करते दिलीप रघुवंशी और अन्य।

इप्टा के जनगीतों से हुआ शुभारंभ, गूंजा ‘लेनिन तुम्हें सलाम’

समारोह का आगाज़ दिलीप रघुवंशी के निर्देशन में भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) के जनगीतों से हुआ। नाट्य पितामह राजेंद्र रघुवंशी द्वारा रचित लाल किरण धरती पर उतरी अब वो पूर्ण प्रकाश है और लेनिन तुम्हें सलाम ने सभागार को ऊर्जा से भर दिया।

परमानंद शर्मा के संगीत निर्देशन में मुक्ति किंकर और असलम खान ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी, वहीं भगवान स्वरूप योगेन्द्र ने अलीगढ़ के खेम सिंह नागर का गीत प्रस्तुत किया। ढोलक पर राजू की संगत ने कार्यक्रम को लयात्मक ऊंचाई दी।

100वें वर्ष में आगरा के 15 साथियों का विशेष योगदान

अध्यक्षता करते हुए कामरेड हरिविलास दीक्षित ने कहा कि भाकपा के शताब्दी वर्ष में आगरा संगठन के 15 साथियों ने समर्पण, प्रतिबद्धता और सक्रियता से पार्टी को मजबूती दी है।

इस अवसर पर संस्थापक एवं दिवंगत साथियों- कामरेड महादेव नारायण टंडन, कामरेड अब्दुल हफीज, कामरेड राजेंद्र रघुवंशी, डॉ. रामगोपाल सिंह चौहान, डॉ. महेश चंद शर्मा, कामरेड रमेश मिश्रा, कामरेड अरुणा रघुवंशी, कामरेड रामस्वरूप दीक्षित, कामरेड नेमी चंद, कामरेड अब्दुल रज्जाक, कामरेड बेनी प्रसाद रावत, कामरेड डॉ. जितेंद्र रघुवंशी, कामरेड तेज सिंह वर्मा, कामरेड अर्जुन सिंह, कामरेड चरण सिंह कुशवाह की स्मृतियों को नमन करते हुए लाल सलाम प्रेषित किया गया।

समारोह में डॉ. जवाहर सिंह ढाकरे, श्रमिक नेता का. जगदीश प्रसाद, श्रीमती सरला जैन सहित एक दर्जन वरिष्ठ नेताओं को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मुख्य वक्ताओं ने आज की राजनीति पर किये तीखे प्रहार

झारखंड से पधारे एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विद्यासागर गिरी ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और हमेशा मानवता के निर्माण में विश्वास रखा।

भाकपा उत्तर प्रदेश के राज्य सचिव अरविंद राज स्वरूप ने कहा कि मनरेगा कानून में बदलाव कर सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण और सार्वजनिक क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित करते हुए बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताई।

डॉ. जेएन टंडन ने क्रांतिकारी भाषण में आगरा के दिवंगत कम्युनिस्ट नेताओं को याद किया और वर्तमान राजनीति पर गंभीर सवाल उठाए।

ओम प्रकाश प्रधान, सरला जैन, एन. एस. श्रीवास्तव, जगदीश प्रसाद, रमेश कटारा, दिलीप रघुवंशी, राजवीर सिंह चौहान, जे. एस. ढाकरे, कमला ढाकरे सहित अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पार्टी सचिव पूरन सिंह ने किया, जबकि अंत में कामरेड नीरज मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। एस. के. खोसला, ताराचंद, मोहन सिंह, धर्मजीत, एम. पी. दीक्षित, शारदा वर्मा, प्रियंका मिश्र, रत्ना देवी, भानु प्रताप सिंह, भीकम सिंह, पूर्ण सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

SP_Singh AURGURU Editor