मगरमच्छ से भिड़ा चंबल का सपूत, नहाते समय हुआ हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान

आगरा। आगरा के बाह ब्लॉक स्थित चम्बल नदी के केंजरा घाट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक चंबल नदी में दोस्तों के साथ नहा रहा था और अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला बोल दिया। मगरमच्छ ने युवक को अपने जबड़े में जकड़ लिया और पानी में खींचने की कोशिश करने लगा। ग्रामीणों ने बमुश्किल युवक की जान बचाई।

May 16, 2025 - 17:44
May 16, 2025 - 22:02
 0

-बाह ब्लॊक के केंजरा घाट पर हुआ हादसा, घटना के दौरान मचा हड़कंप

युवक ने दिखाई बहादुरी, लिया मगरमच्छ से लोहा
जिस युवक पर मगरमच्छ ने हमला बोला वह घोंसली गांव का करन है। मौत को सामने देखकर भी करन ने हिम्मत नहीं हारी। उसने पूरी ताकत लगाकर मगरमच्छ से खुद को छुड़ाने की कोशिश की। कुछ देर तक पानी में संघर्ष चलता रहा। बाद में युवक की चीखें सुनकर साथ नहा रहे उसके दोस्त और नदी के किनारे पर मौजूद ग्रामीण सतर्क हो गए।

ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ, बचाई जान
करन की जान बचाने के लिए ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े और मगरमच्छ पर हमला कर दिया। कई मिनटों की मशक्कत के बाद मगरमच्छ ने युवक को छोड़ा और नदी में वापस चला गया। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मगरमच्छ के जकड़ने से युवक की बांह में गंभीर चोट आई है।

चिकित्सकीय उपचार जारी, हालत स्थिर
युवक के शरीर पर मगरमच्छ के जबड़े के गहरे निशान हैं। उसे परिजनों द्वारा नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल युवक की हालत स्थिर है।

नेस्टिंग सीजन में बढ़ा खतरा, प्रशासन की चेतावनी
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन दिनों चंबल नदी में मगरमच्छ और घड़ियाल का नेस्टिंग सीजन चल रहा है, जिससे वे अधिक आक्रामक हो जाते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस दौरान नदी के किनारे न जाएं और सतर्क रहें।

SP_Singh AURGURU Editor