आगरा में 6 सितम्बर को चैंबर की ‘बिजनेस रिवॊल्यूशन विद आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस’ संगोष्ठी
नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, उत्तर प्रदेश आगरा द्वारा आगामी 6 सितम्बर को होटल फेयरफील्ड में आयोजित होने वाली एक दिवसीय संगोष्ठी “आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस संग व्यापार क्रांति” का पोस्टर आज विमोचित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापार और शिक्षा जगत को आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस की नई संभावनाओं से जोड़ना है।
नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, यू0पी0 आगरा ने आज उस विशेष सेमिनार का पोस्टर लॉन्च किया, जो 6 सितम्बर को होटल फेयरफील्ड में आयोजित किया जाएगा। सेमिनार का विषय है – बिजनेस रिवॊल्यूशन विद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस है।
एजुकेशन एंड टेक्सटाइल सेल के चेयरमैन सचिन सारास्वत ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज जीवन और व्यापार का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। कोई भी क्षेत्र अब इससे अछूता नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए चैम्बर ने यह पहल की है।
सेमिनार में आईबीएम मुंबई के पियूष अग्निहोत्री मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे बताएंगे कि किस प्रकार एआई तकनीक व्यापार और उद्योगों को नई दिशा प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम संयोजक मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर एक क्यूआर कोड का अनावरण भी किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति निःशुल्क रजिस्ट्रेशन कर सकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कॉलेजों से युवाओं को भी इसमें आमंत्रित किया गया है ताकि वे भविष्य में इसका लाभ उठा सकें।
चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने सदस्यों और व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सेमिनार आगरा के व्यापार और शिक्षा जगत के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा।
प्रैसवार्ता के दौरान चैम्बर उपाध्यक्ष द्वय संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, चेयरमैन सचिन सारास्वत, मयंक मित्तल, पूर्व अध्यक्ष एवं संयोजक मनीष अग्रवाल तथा अम्बा प्रसाद गर्ग मौजूद रहे।