जनकपुरी महोत्सव कार्यालय में गूंजे श्रीराम के जयकारे, एडीएम प्रशासन ने की संध्या आरती
आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 के केंद्रीय कार्यालय में रविवार को प्रभु श्रीरामचंद्र जी की संध्या आरती में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। एडीएम (प्रशासन) आजाद भगत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधि-विधान से भगवान श्रीरामचंद्र जी की पूजा-अर्चना कर आरती की।
भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी महोत्सव 2026 के केंद्रीय कार्यालय पहुंचने पर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू यादव’ ने एडीएम (प्रशासन) आजाद भगत सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद समिति की ओर से अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
एडीएम आजाद भगत सिंह ने जनकपुरी महोत्सव के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति द्वारा की जा रही तैयारियों और प्रयासों की प्रशंसा करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आरती के दौरान केंद्रीय कार्यालय परिसर में रामभक्तों ने भक्ति भाव के साथ प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाए। आयोजन समिति ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव कार्यालय में प्रतिदिन प्रभु श्रीरामचंद्र जी की संध्या आरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, अरविन्द शर्मा, संजय गोयल, मनोज बंसल, राणा सुशील सिंह, धर्मेश जैन, अंकुश मित्तल, आकाश गोयल (ग्वाला), निमित्त पोरवाल, नरेंद्र शर्मा, लोकेन्द्र कुमार संत, अनुज भारद्वाज, आरती शर्मा, शीतल अग्रवाल, अनिल दीक्षित, राजीव अग्रवाल, अरुण अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।