चार्जिंग बनी खतरे की वजह, आगरा के सेमरा गांव में ई-बाइक फटी, घर में लगी भीषण आग, 2 लाख का सामान राख

आगरा के ग्राम पंचायत सेमरा में चार्जिंग के बाद एक ई-बाइक में विस्फोट हो गया, जिससे घर में भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 2 लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया, हालांकि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। पुलिस प्रारंभिक जांच में बैटरी फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रही है और मामले की जांच जारी है।

Jan 28, 2026 - 19:17
 0
चार्जिंग बनी खतरे की वजह, आगरा के सेमरा गांव में ई-बाइक फटी, घर में लगी भीषण आग, 2 लाख का सामान राख
स्कूटी में लगी आग।

आगरा। आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार्जिंग के बाद एक ई-बाइक में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि बाइक में लगी आग ने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा लगभग दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की भयावहता ने पूरे इलाके को दहला दिया।

रात में चार्जिंग, सुबह स्टार्ट करते ही धमाका

ई-बाइक मालिक चरण सिंह परमार और हरिमोहन सिंह परमार ने बताया कि उन्होंने यह ई-बाइक करीब छह माह पहले खरीदी थी। रोज़ की तरह रात में बाइक को चार्ज पर लगाया गया था। रात में मौसम खराब होने और हल्की बारिश के कारण एहतियातन चार्जिंग पूरी होने के बाद बाइक को घर के अंदर कमरे में खड़ा कर दिया गया।

बुधवार सुबह जब परिवार का एक सदस्य ड्यूटी पर जाने के लिए बाइक स्टार्ट करने लगा, उसी दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और ई-बाइक में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

कुछ ही पलों में जल गया घर का सामान

आग की चपेट में आकर कमरे में रखे नकद रुपये, जरूरी दस्तावेज, कपड़े, टीवी, फ्रिज अन्य घरेलू सामान सब कुछ पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

परिवार की मांग-मुआवजा और निष्पक्ष जांच

पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हादसे में उन्हें करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक मुआवजा देने और आग लगने के वास्तविक कारणों की गहन जांच कराने की मांग की है।

पुलिस मौके पर, बैटरी या शॉर्ट सर्किट की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खंदौली थाना अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि “ई-बाइक में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया बैटरी फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और मामले की विधिवत जांच की जा रही है।

ई-वाहनों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर ई-वाहनों की बैटरी से जुड़ी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि चार्जिंग के बाद ई-वाहनों को बंद और सुरक्षित स्थान पर रखने के साथ-साथ बैटरी की नियमित जांच बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।