जयकारों संग भट्ठी पूजन, गोवर्धन में छप्पन भोग महोत्सव की तैयारियां शुरू

आगरा। श्रद्धा, सेवा और वैष्णव परंपरा की त्रिवेणी में डूबा हुआ दृश्य उस समय सजीव हो उठा, जब गोवर्धन की पावन धरा पर श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा द्वारा आयोजित होने वाले दिव्य छप्पन भोग महोत्सव की तैयारियों के क्रम में भट्ठी पूजन विधि–विधान से संपन्न हुआ। जैसे ही पूजन की अग्नि प्रज्वलित हुई, संपूर्ण परिसर गिरिराज जी महाराज की जय  के उद्घोष से गुंजायमान हो गया।

Dec 19, 2025 - 18:41
 0
जयकारों संग भट्ठी पूजन, गोवर्धन में छप्पन भोग महोत्सव की तैयारियां शुरू
श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा द्वारा आयोजित होने वाले दो दिवसीय दिव्य छप्पन भोग मनोरथ की तैयारी के तहत भट्टी पूजन करते हरगोविंद जी महाराज, अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्यामसुंदर माहेश्वरी और अन्य।

भट्ठी पूजन का शुभारंभ हरगोविंद महाराज के सानिध्य में श्री गिरिराज महाराज के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर ठाकुर जी से आगामी दो दिवसीय महोत्सव के निर्विघ्न, शुद्ध और मंगलमय आयोजन की प्रार्थना की गई। पूजन के साथ ही छप्पन भोग प्रसादी निर्माण की आध्यात्मिक शुरुआत भी हुई, जिसे वैष्णव परंपरा में विशेष महत्व प्राप्त है।

चरण सेवक अजय गोयल और मनोज कुमार गर्ग, श्यामसुंदर माहेश्वरी और पवन कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह दिव्य छप्पन भोग मनोरथ श्री गुरु काष्र्णि आश्रम (बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन) में 21 और 22 दिसंबर को पूर्ण वैष्णव रीति के अनुसार संपन्न होगा।

21 दिसंबर को गोवर्धन महाराज की परिक्रमा चांदी के पात्र से दुग्ध की अविरल धार के साथ की जाएगी। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा चांदी के कलश लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो श्रद्धा और सौंदर्य का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगी। 22 दिसंबर को ठाकुर जी का अलौकिक श्रृंगार हीरे के हार, 11 किलो वजनी 3.30 फुट ऊंचे चांदी के छत्र, चांदी की छड़ी और गरुड़ ध्वज रथ पर विराजमान स्वरूप में किया जाएगा।

ठाकुर जी को 11 किलो के चांदी के थाल में छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे, जबकि अमृततुल्य दूध चांदी के पात्रों में समर्पित होगा। 501 साधुओं की सेवा के उपरांत हजारों भक्त महा प्रसादी का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि आगरा से लगभग 80 बसें निःशुल्क चलाई जाएंगी, जिनसे श्रद्धालुओं को गोवर्धन धाम तक लाया-ले जाया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor