छठ पूजाः डूबते सूर्य को अर्घ्य देने यमुना घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गूंजे छठ मैया के गीत

आगरा। आस्था, अनुशासन और आत्मसंयम के प्रतीक छठ महापर्व पर सोमवार को यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हुए घाटों पर भक्ति, रंग और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महिलाएं नंगे पैर यमुना जल में उतरकर पूजा-अर्चना करती रहीं, वहीं लोकगीतों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को आस्था के रंग में रंग दिया।

Oct 27, 2025 - 19:51
 0
छठ पूजाः डूबते सूर्य को अर्घ्य देने यमुना घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गूंजे छठ मैया के गीत
छठ पूजा के अंतर्गत सोमवार को डूबते सूरज को अर्घ्य देने के लिए आगरा के यमुना घाटों पर उमड़े श्रद्धालुओं की विविध तस्वीरें।

यमुना के बल्केश्वर घाट पर सूर्य को अर्घ्य देते अपर जिला जज ज्ञानेन्द्र राव और उनकी धर्मपत्नी निरूपमा राव।

सुबह से ही श्रद्धालु बल्केश्वर, एत्माद्दौला, कैलाश, सिकंदरा और रमबाग स्थित घाटों पर जुटने लगे। दोपहर होते-होते यमुना तटों पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ उमड़ आई। व्रतियों ने घाटों पर वेदी बनाकर केले, नारियल, ठेकुआ, गन्ना, नींबू और सुपारी जैसे पारंपरिक प्रसाद सजाए। शाम ढलते ही डूबते सूर्य को सूप में फल, ठेकुआ और गाय के दूध से अर्घ्य अर्पित किया गया।

अपर जिला जज ज्ञानेन्द्र राव अपनी पत्नी निरूपमा राव के साथ बल्केश्वर घाट पर पहुंचे। निरूपमा राव ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छठ मैया की पूजा से मन को शांति और शरीर को ऊर्जा मिलती है। यह व्रत जितना कठिन है, उतना ही शक्ति देने वाला भी है।

कई श्रद्धालुओं ने घरों की छतों पर अस्थायी तालाब बनाकर अर्घ्य दिया। घाटों पर लोकगीत- कांच ही बांस के बहंगिया...और उग हो सूरज देव...गूंजते रहे। रंग-बिरंगे परिधान पहने व्रतियों की भक्ति ने घाटों को आध्यात्मिक आभा से भर दिया।

आज डूबते सूर्य को अर्घ्य, कल उगते सूर्य को पारण
सोमवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया, जबकि मंगलवार प्रातः उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। व्रती महिलाएं लगातार 36 घंटे का निर्जल व्रत रखती हैं, जो अनुशासन, आत्मसंयम और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।

पूर्वांचल समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने घाटों पर विशेष व्यवस्था की। नगर निगम और पुलिस प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, सुरक्षा और रोशनी के इंतज़ाम किए गए। आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह भी विभिन्न घाटों पर छठ पूजा के दौरान मौजूद रहे। दोनों ने आरती भी की।

SP_Singh AURGURU Editor