आमों की छांव में खिला बचपन: तपस्या फाउंडेशन की मैंगो पार्टी में हंसी, स्वाद और संस्कारों का संगम
आगरा। बचपन जब आम की मिठास से सराबोर हो और संस्कारों की छांव में पले तो हर क्षण उत्सव बन जाता है। तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट ने इसी भावना को साकार करते हुए दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में एक अनूठी मैंगो पार्टी का आयोजन किया, जहां करीब 200 बच्चों ने मस्ती, स्वाद और संस्कारों की त्रिवेणी में डुबकी लगाई।
दीप प्रज्वलन से आरंभ, ओम् के स्वर से पवित्रता
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वैदिक स्वस्तिवाचन के साथ हुआ। आचार्य सुनील कुमार वशिष्ठ के सानिध्य में बच्चों ने ओम् का उच्चारण कर वातावरण को ऊर्जा और शुभता से भर दिया। विशेष रूप से आम के बगीचे में कान्हा जी की पूजा कर बच्चों को संस्कृति से जोड़ा गया।
आम खाओ, संस्कार अपनाओ
संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी ने कहा, बचपन केवल स्कूल और होमवर्क तक सीमित नहीं, यह आनंद, आत्म-अभिव्यक्ति और संस्कारों का भी समय है। यह मैंगो पार्टी बच्चों के लिए ‘खाओ, हंसो और सीखो’ का अवसर बनी।
मस्ती में डूबे नन्हें मेहमान
पार्टी में आम से बने विभिन्न व्यंजन जैसे आम-चाट, मिठाइयां, आम-रस की विशेष व्यवस्था की गई थी। रंग-बिरंगी सजावट, मधुर संगीत और खेल प्रतियोगिताओं ने बच्चों के चेहरों पर वह चमक ला दी, जो किसी भी त्योहार से कम नहीं थी।
हर मुस्कान तक पहुंचे आनंद
संरक्षक नितिन कोहली ने इस आयोजन को हर बच्चे तक खुशियां पहुंचाने का संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी तपस्या फाउंडेशन ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा भरने का काम करता रहेगा।
इस अवसर पर मोहित दिवाकर, अखिल दीक्षित, उत्तम दिवाकर, राजीव वर्मा, रवि चावला, बीएसए जितेंद्र गौड़, हिना दौलतानी, तनीषा पवार, प्रीति रघुवंशी, रेनू सिंह समेत कई समाजसेवी और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।