नेशन ऐज चेरिटेबल ट्रस्ट के वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रतिभा चमकी, सांस्कृतिक रंगों से सजा मंच
आगरा। संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल का सभागार उल्लास और उत्साह से गूंज उठा, जब नेशन ऐज चेरिटेबल ट्रस्ट के सातवें वार्षिकोत्सव पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत इस संस्था का वार्षिक समारोह बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं का जीवंत चित्र बन गया।
मुख्य अतिथि डॉ. निहारिका मल्होत्रा और विशिष्ट अतिथि हिमांशु जैन ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत मंच पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, गीत और नाटक में नन्हे कलाकारों का आत्मविश्वास और जोश देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।
संस्था के अध्यक्ष अनिल मेहरोत्रा ने जानकारी दी कि ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 2019 में हुई थी, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों तक शिक्षा का उजियारा पहुंचाना है। वर्तमान में संस्था 50 बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण वहन कर रही है। साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत 14 बच्चियों के सुरक्षित भविष्य हेतु धन संग्रह किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि डॉ. निहारिका मल्होत्रा ने संस्था की पहल को सराहते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज की सच्ची प्रगति का आधार है। इस प्रकार के प्रयास बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के साथ समाज को नई दिशा भी देते हैं।
समारोह के अंत में मेधावी छात्रों को पुरस्कार दिए गए और सहयोगियों को सम्मानित किया गया। संचालन दीप्ति अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर अंकित अग्रवाल, मनोज गर्ग, राहुल अग्रवाल, अनीता मेहरोत्रा, सतेंद्र अग्रवाल, मनुज सिंघल सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।