ताज की नगरी अब वायु मार्ग से और भी करीब आने को तैयार है

आगरा। ताज नगरी से उड़ानों का सपना अब जल्द हकीकत में बदलने जा रहा है। ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) प्राधिकरण ने आगरा सिविल एयर टर्मिनल के निर्माण और रनवे विस्तार को हरी झंडी दे दी है। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित टीटीजेड की 65वीं बोर्ड बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया।

Nov 13, 2025 - 19:30
 0
ताज की नगरी अब वायु मार्ग से और भी करीब आने को तैयार है
मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित ताज ट्रेपेजियम जोन प्राधिकरण की बैठक में मौजूद सदस्य ।

टीटीजेड प्राधिकरण ने रनवे विस्तार व एयरपोर्ट निर्माण कार्यों को दी सैद्धांतिक मंजूरी

आगरा। ताज नगरी से उड़ानों का सपना अब जल्द हकीकत में बदलने जा रहा है। ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) प्राधिकरण ने आगरा सिविल एयर टर्मिनल के निर्माण और रनवे विस्तार को हरी झंडी दे दी है। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित टीटीजेड की 65वीं बोर्ड बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया।

बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा प्रस्तावित रनवे, टैक्सी ट्रैक और एयरक्राफ्ट पार्किंग क्षेत्र के विस्तारीकरण पर चर्चा हुई। टीटीजेड बोर्ड ने परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि कार्य शुरू करने से पहले नीरी और अन्य संबंधित विभागों से अंतिम मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।

पर्यावरण स्वीकृति की प्रक्रिया जारी

डीजीएम (सिविल) ने बैठक में बताया कि परियोजना को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आगरा विकास प्राधिकरण से एनओसी पहले ही मिल चुकी है। फिलहाल परियोजना पर्यावरणीय मंजूरी प्राप्त करने की प्रक्रिया में है। अधिकारियों के अनुसार यह कदम आगरा के लिए बड़ा बदलाव साबित होगा, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा।

मथुरा के घाटों के पुनरोद्धार को भी मंजूरी

बैठक में मथुरा के यमुना नदी घाटों के विकास एवं पुनरोद्धार परियोजना पर भी चर्चा हुई। इस प्रस्ताव को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन  पहले ही स्वीकृति दे चुका है। टीटीजेड प्राधिकरण ने परियोजना को अनुमति देते हुए निर्देश दिए कि कार्य के दौरान सीएण्डडी वैस्ट मेनेजमेंट रूल्स का पूर्ण पालन किया जाए, कोई भी ठोस अपशिष्ट यमुना नदी में न जाए और सभी निकले अपशिष्ट का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में ये अधिकारी हुए शामिल 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) शुभांगी शुक्ला, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अलीगढ़ विश्वनाथ शर्मा, जलकल जीएम अरूणेन्द्र राजपूत, टाउन प्लानर ऋचा कौशिक, नेशनल हाइवे  के लोकेश शर्मा और फॉरेस्ट रेंजर गिरिजेश तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आगरा के लिए नई उड़ान का दौर

इस निर्णय के साथ ही आगरा के पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है। ताजमहल के शहर से अब आसमान की ओर उड़ान का रास्ता लगभग साफ़ हो गया है।