मेट्रो निर्माण से शहर का यातायात जाम में फंसा, सांसद नवीन जैन बोले– चरणबद्ध तरीके से हो काम
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आगरा मेट्रो परियोजना की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में एक साथ निर्माण कार्य चलने से यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। गुरुद्वारा क्षेत्र और एम.जी. रोड का उदाहरण देते हुए सांसद ने कहा कि यहाँ जाम की स्थिति भयावह है।
सांसद जैन ने बताया कि ट्रैफिक जाम की वजह से बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुँच पा रहे, एम्बुलेंसें घंटों फँस रही हैं और ऑफिस जाने वाले लोग रोज लेट हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर लोगों ने कई बार उनसे शिकायत भी की है।
उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि मेट्रो कार्य चरणबद्ध और योजनाबद्ध ढंग से होना चाहिए। सभी हिस्सों में एक साथ कार्य होने से न केवल जनता परेशान हो रही है बल्कि आपातकालीन सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
विशेषज्ञों ने भी माना कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में व्यवस्थित योजना बेहद जरूरी है। एक साथ सभी हिस्सों पर काम करने से यातायात जाम, स्थानीय व्यवसाय और नागरिकों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
ज्ञातव्य है कि शहर में मेट्रो निर्माण तेजी पर है और जनता प्रतिदिन ट्रैफिक जाम व अन्य परेशानियों से जूझ रही है।