संजय प्लेस में दूसरे दिन भी सफाई अभियानः निगम और कारोबारियों की साझेदारी उठा मलबा

आगरा। शहर की सुंदरता और स्वच्छता को नया आयाम देने के लिए नगर निगम ने रविवार को कारोबारियों के साथ मिलकर संजय प्लेस में विशेष अभियान शुरू किया था जो आज दूसरे दिन भी जारी रहा। भारी मशीनों और दो सौ से अधिक सफाई कर्मचारियों की मदद से सीएनडी वेस्ट (निर्माण एवं ध्वस्तीकरण का मलबा) हटाया गया। इस अभियान ने न केवल बाजार की सूरत बदली, बल्कि शहरवासियों को निगम और व्यापारियों की साझेदारी से साफ-सुथरा आगरा बनाने का संदेश भी दिया।

Sep 8, 2025 - 18:28
 0
संजय प्लेस में दूसरे दिन भी सफाई अभियानः निगम और कारोबारियों की साझेदारी उठा मलबा
संजय प्लेस से कचरा उठताती नगर निगम की टीम।

अभियान में दो सौ से अधिक सफाई कर्मचारी, आधा दर्जन सफाई नायक और कारोबारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। निगम प्रशासन ने इस दौरान बीस ट्रैक्टर कचरा, आठ ट्रक सीएनडी वेस्ट हटवाया। साथ ही बीस ट्रैक्टर कचरा और आठ ट्रक मलबा उठाया गया। इस दौरान 20 ट्रैक्टर, दस जेसीबी और लोडर जैसी भारी मशीनों का उपयोग कर बाजार से मलबा हटाया गया।

सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि निगम लगातार सफाई और अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सीएनडी वेस्ट निस्तारण पर भी ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मलबे से होने वाली असुविधा से राहत दिलाना और यातायात को सुचारू बनाना है।

अभियान में निगम अधिकारियों के साथ-साथ संजय प्लेस कम्प्यूटर मार्केट एसोसिएशन अध्यक्ष आर.एस. सेंगर, मीडिया प्रभारी चतुर्भुज तिवारी, कपड़ा मार्केट एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक अरोड़ा सहित अनेक कारोबारी मौजूद रहे। कारोबारियों ने निगम प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग का भरोसा दिलाया।

अशोक प्रिय गौतम ने आमजन से अपील की कि निर्माण कार्य के दौरान मलबे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थलों पर डलवाएं ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की सामूहिक जिम्मेदारी पूरी हो सके।

SP_Singh AURGURU Editor