विधानसभा में गरजे सीएम योगी, बिना नाम लिए राहुल–अखिलेश पर तंज, बोले- देश में हैं ‘दो नमूने’ जो गंभीर चर्चा होने पर विदेश भाग जाते हैं  

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए बगैर नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। सदन में कोडीन युक्त कफ सिरप मामले पर सपा सदस्यों के शोर-शराबे के बीच मुख्यमंत्री के तीखे व्यंग्य और पलटवार से माहौल गर्म हो गया।

Dec 22, 2025 - 12:48
 0
विधानसभा में गरजे सीएम योगी, बिना नाम लिए राहुल–अखिलेश पर तंज, बोले- देश में हैं ‘दो नमूने’ जो गंभीर चर्चा होने पर विदेश भाग जाते हैं   

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में दो नमूने हैं। एक दिल्ली में और दूसरा लखनऊ में। जब भी देश में किसी गंभीर विषय पर चर्चा होती है, ये दोनों देश छोड़कर विदेश भाग जाते हैं। सपा सदस्यों द्वारा कोडीन युक्त कफ सिरप के मुद्दे पर किए जा रहे हंगामे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि लगता है, आपके बउआ के साथ भी यही होता है। वह फिर इंग्लैंड के सैर-सपाटे पर निकल जाएंगे और आप यहां चिल्लाते रहेंगे।

कोडीन युक्त कफ सिरप के आरोपों पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सवाल क्या हैं और मुद्दे क्या उठाए जा रहे हैं, सपा विधायकों को इसका पूरा अध्ययन करके आना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष द्वारा कोडीन का मुद्दा उठाने पर उन्होंने कहा कि मजबूरी समझ में आती है। चोर की दाढ़ी में तिनका वाली कहावत यहां सटीक बैठती है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि उम्र के चौथे पड़ाव पर व्यक्ति सच बोलता है, लेकिन समाजवादी पार्टी उनसे इस उम्र में भी झूठ बुलवा रही है।

मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि कोडीन का सबसे पहला होलसेलर वर्ष 2016 में पकड़ा गया था और उसे लाइसेंस तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान जारी हुआ था। सपा अध्यक्ष द्वारा सिरप माफिया पर बुलडोजर चलाने की चुनौती पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चिंता मत कीजिए, समय आने पर बुलडोजर एक्शन भी होगा, तब समाजवादी पार्टी चिल्लाए नहीं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही सपा सदस्यों ने कोडीन युक्त कफ सिरप पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा किया। अनुमति न मिलने पर सपा विधायक वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष की चेतावनी के बाद विधायक अपनी-अपनी सीटों पर लौटे और कार्यवाही आगे बढ़ी।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor