नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में बोले सीएम योगी, 'पीएम मोदी ने विकसित भारत बनाया'
सीएम योगी ने देश में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने देश को विकसित भारत बनाया है।
जेवर। उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने इस दौरान पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि पीएम मोदी ने जनता को राहत देने का काम किया है।
सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी ने विकसित भारत बनाया है। आज जहां पूरी दुनिया में पेट्रोलियम के दाम ज्यादा हो रहे है, पूरी दुनिया में अव्यवस्था है, भारत के अंदर पेट्रोलियम उत्पाद का दाम स्थिर है।
पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छूते दिखाई दे रहे हैं लेकिन, अपनी दूरदर्शी सोच और देश प्रथम के भाव के साथ पीएम के नेतृत्व में जो कार्ययोजना बनी है, आज वो देखने को मिल रही है।
भारत के अंदर पेट्रोलियम उत्पादों के दाम नियंत्रित हैं। आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। पड़ोसी देशों में इसका अत्यंत अभाव है। उन्हें उत्पादन रोकना पड़ा है। पब्लिक में कोटा सिस्टम लागू करना पड़ रहा है लेकिन भारत में निर्बाध रूप से पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।