भानु महाजन के घर पहुंचे सीएम योगी, भाजपा नेता स्व. अनिल महाजन को दी श्रद्धांजलि; परिवार की तीन पीढ़ियों के समर्पण को सराहा

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के निवास पर पहुंचकर उनके पिता एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अनिल महाजन को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल महाजन परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और स्वर्गीय अनिल महाजन के संगठन के प्रति समर्पण तथा पार्टी सेवा को याद किया।

Jul 26, 2026 - 17:17
 0
भानु महाजन के घर पहुंचे सीएम योगी, भाजपा नेता स्व. अनिल महाजन को दी श्रद्धांजलि; परिवार की तीन पीढ़ियों के समर्पण को सराहा
भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के आवास पर स्व. अनिल महाजन को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद परिजनों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी।

इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं आगरा के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने स्वर्गीय अनिल महाजन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भानु महाजन के परिवार के सभी सदस्यों का परिचय प्राप्त किया। उन्होंने महाजन परिवार की तीन पीढ़ियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी और संगठन के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए इसे समर्पण और निष्ठा की मिसाल बताया। भानु महाजन ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पिता स्वर्गीय अनिल माहाजन हमेशा उन्हें पार्टी और संगठन की सेवा के लिए प्रेरित करते थे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर डॉ. पारुल महाजन से भी बातचीत की। उन्होंने आगरा कॉलेज से जुड़े विषयों और प्रदेश में हाल ही में लागू की गई कैशलेस इंश्योरेंस व्यवस्था को लेकर चर्चा की। डॉ. पारुल माहाजन ने मुख्यमंत्री को बताया कि कैशलेस इंश्योरेंस व्यवस्था को लेकर प्रदेशभर में लोगों में उत्साह और सकारात्मक माहौल है।

इस मौके पर स्वर्गीय अनिल महाजन की पत्नी श्रीमती उषा रानी महाजन, भानु महाजन की धर्मपत्नी श्रीमती पारुल महाजन समेत अन्य परिवारजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor