बरेली के एनबीसीसी का रंगारंग बाल दिवस: नन्हीं अनीका सिंह ने जीता पहला पुरस्कार
एनबीसीसी बरेली में बाल दिवस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह बच्चों की उमंग, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता से सराबोर रहा, जहाँ नन्हीं प्रतिभाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को आनंद और उल्लास से भर दिया।
बरेली। शहर के प्रमुख हॊस्पिटल एनबीसीसी में बाल दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को एक भव्य एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी कलात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. रवि खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित कला प्रतियोगिता में ‘बचपन स्कूल’ की छात्रा अनीका सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सबका ध्यान आकर्षित किया। डॉ. रवि खन्ना ने अनीका को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संदेश में डॉ. खन्ना ने कहा कि बाल दिवस हमें बच्चों की मासूमियत, सृजनात्मकता और भविष्य के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन, सृजनशीलता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के समापन पर ‘गाला नाइट’ का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के साथ-साथ कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा परिसर हंसी, संगीत और उल्लास से सराबोर रहा। बच्चों की ऊर्जा, रचनात्मकता और उत्साह ने बाल दिवस को यादगार बना दिया।