महिला आत्मनिर्भरता को समर्पित 'मन की उड़ान' प्रदर्शनी में रचनात्मकता और सशक्तिकरण का संगम

आगरा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल को मंच देने के उद्देश्य से 'मन की उड़ान संस्था' द्वारा बुधवार को खंदारी स्थित लेमन ट्री होटल में एक दिवसीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 35 महिला उद्यमियों ने अपने-अपने हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए, जिन्हें खरीदने के लिए आगरा की महिलाओं का उत्साह देखते ही बना।

Jul 31, 2025 - 21:41
 0
महिला आत्मनिर्भरता को समर्पित 'मन की उड़ान' प्रदर्शनी में रचनात्मकता और सशक्तिकरण का संगम
मन की उड़ान संस्था' द्वारा बुधवार को खंदारी स्थित एक होटल में आयोजित हस्तशिल्प प्रदर्शनी की एक झलक।

-35 महिला उद्यमियों ने एक छत के नीचे रखा विविधता भरा हस्तनिर्मित संग्रह, बड़ी संख्या में महिलाओं ने की ख़रीदारी

प्रदर्शनी का उद्घाटन फुटवेयर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान, और भाजपा महानगर उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।

संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट चंचल गुप्ता ने बताया कि यह प्रदर्शनी न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है, बल्कि इससे प्राप्त आय निर्बल और बेसहारा वर्ग की सहायता में लगाई जाती है। उन्होंने कहा, "हमारी संस्था महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सतत कार्यरत है।"

इस दौरान प्रदर्शनी में लखनऊ की चिकनकारी कढ़ाई, पाकिस्तानी सूट, कराची दुपट्टे, हैंडमेड राखियां, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, आयुर्वेदिक उत्पाद, पेठा-दालमोट, शादी व त्योहार से जुड़े सामान के स्टॉल लगाए गए। सभी उत्पाद रियायती दरों पर उपलब्ध थे।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कहा कि यह प्रदर्शनी नारी शक्ति के आत्मविश्वास, नवाचार और आर्थिक स्वावलंबन का जीवंत उदाहरण है। आगरा की कई प्रतिष्ठित महिलाओं ने प्रदर्शनी में पहुंचकर नारी सशक्तिकरण को समर्थन दिया।

इस आयोजन में कविता रजवानी (सचिव) और नीरा थापर (कोषाध्यक्ष) ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर अंकिता जैन, नीलम अरोड़ा, संगीता गुप्ता, साधना भार्गव, पारुल सिंह, अनुपम शर्मा, पवन सिसौदिया, राधा तोमर, जय राजवानी, मयंक अग्रवाल, नितिन गोयल, विकास चतुर्वेदी, अलमा चोपड़ा, नेहा माहेश्वरी, सुदीप गर्ग, अनुराग बंसल, प्रिंसी जैन आदि की मौजूदगी रही।

SP_Singh AURGURU Editor