सेवा, संवेदना और जनकल्याण का संगम: क्षेत्र बजाजा को एसी ताबूत, हेल्प आगरा को मिली नई एम्बुलेंस और बल्केश्वर पार्क में लगा वाटर कूलर
आगरा। समाजसेवा के क्षेत्र में रविवार का दिन कई प्रेरणादायक पहल का साक्षी बना। एक ओर क्षेत्र बजाजा कमेटी को जनसेवार्थ 19वां एसी ताबूत दान में मिला, वहीं हेल्प आगरा के एम्बुलेंस बेड़े में एक और अत्याधुनिक एम्बुलेंस शामिल हुई। इसके साथ ही पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्रयास फाउंडेशन ने बल्केश्वर पार्क में वाटर कूलर स्थापित कर भीषण गर्मी में राहगीरों और पार्क आने वालों को राहत पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया। इन तीनों पहलों ने समाज के प्रति सेवा, संवेदनशीलता और जनकल्याण की भावना को मजबूत किया।
हेल्प आगरा के एम्बुलेंस बेड़े में शामिल हुई नई अत्याधुनिक एम्बुलेंस
हेल्प आगरा संस्था की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाते हुए उसके एम्बुलेंस बेड़े में एक और अत्याधुनिक ईको एम्बुलेंस शामिल हो गई है। यह एम्बुलेंस बी.पी. ऑयल मिल लिमिटेड परिवार द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत दान की गई है।
मोती कटरा स्थित हेल्प भवन में आयोजित कार्यक्रम में दानदाता परिवार ने एम्बुलेंस की चाबी संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन को सौंपी। इस नई एम्बुलेंस के जुड़ने के बाद हेल्प आगरा के बेड़े में कुल 15 एम्बुलेंस हो गई हैं।
अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने दानदाता परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद मरीजों तक एम्बुलेंस सेवा अधिक तेज़ी और प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकेगी। कार्यक्रम में बी.पी. ऑयल मिल लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर भरत भगत, डायरेक्टर अनिरुद्ध भगत, अध्यक्ष राघव भगत, सीटीओ उद्धव भगत, श्रीमती रेनू भगत, कुमारी तिसिया भगत तथा हेल्प आगरा की ओर से विशेष बंसल, नितिन अग्रवाल, मनीष गर्ग, अनिल अग्रवाल, अनिल जैन, सौरभ जैन, नंदकिशोर गोयल और जगवीर सिंह मौजूद रहे।
क्षेत्र बजाजा कमेटी को मिला 19वां एसी ताबूत, अंतिम यात्रा सेवा होगी और सुलभ

श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को एसी ताबूत सौंपते कर्नल ज्ञानचंद्र एवं अन्य।
क्षेत्र बजाजा कमेटी को जनसेवार्थ रविवार को एक और एसी ताबूत दान स्वरूप प्राप्त हुआ। अवधपुरी, शाहगंज बोदला रोड निवासी कर्नल डॉ. ज्ञानचंद एवं उनकी पत्नी श्रीमती सरोज वर्मा ने यह एसी ताबूत कमेटी को समर्पित किया। विद्युत शवदाह गृह ताजगंज परिसर स्थित कमेटी के सत्संग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपने परिवार के साथ कमेटी पदाधिकारियों को ताबूत सौंपा।
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि इस दान के बाद कमेटी के पास एसी ताबूतों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को यह सेवा और अधिक सहज एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जा सकेगी। प्रकल्प प्रभारी उत्कर्ष अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में एसी ताबूतों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी हो जाती है। कमेटी अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
इस अवसर पर प्रेमा वर्मा, ललित वर्मा, रवि वर्मा, कमेटी के उपाध्यक्ष विशनू गर्ग, संजीव गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, नंदकिशोर गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रयास फाउंडेशन ने बल्केश्वर पार्क में लगवाया वाटर कूलर, राहगीरों को मिलेगी राहत

बल्केश्वर पार्क में स्थापित वाटर कूलर का शुभारंभ करते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल। साथ हैं पार्षद मुरारी लाल गोयल।
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्रयास फाउंडेशन, आगरा द्वारा बल्केश्वर पार्क में वाटर कूलर स्थापित कर समाजसेवा की एक और मिसाल पेश की गई। रविवार को विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने इसका विधिवत शुभारंभ किया।
भीषण गर्मी के इस मौसम में पार्क में आने वाले लोगों, राहगीरों और आसपास के क्षेत्रवासियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी कदम बताया।
कार्यक्रम में पार्षद मुरारी लाल गोयल, पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, प्रयास फाउंडेशन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल "गुडू", मुन्नू चौबे, अतुल गर्ग, रवि गुप्ता, अनिल गुप्ता, आशीष अग्रवाल, डॉ. राधेश्याम, मनीष बंसल, मनोज अग्रवाल, अर्पण गुप्ता, मनुराज मित्तल, प्रतीक सिंघल, राहुल सिंघल, संदीप वर्मा, विशेष शर्मा, अंकुर गर्ग, आशीष गुप्ता सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।