प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का संकल्प दिवस, एटा से उठी संघर्ष और एकजुटता की हुंकार

एटा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं वायनाड लोकसभा सीट से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन सोमवार को जनपद एटा में संकल्प दिवस के रूप में जोश के साथ मनाया गया। जिला कांग्रेस कार्यालय एटा पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हाजी आशिक हुसैन भोले ने की, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय और जनसंघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया।

Jan 12, 2026 - 20:38
 0
प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का संकल्प दिवस, एटा से उठी संघर्ष और एकजुटता की हुंकार
एटा में कांग्रेस के जिला कार्यालय पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन मनाते कांग्रेसजन।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा शुरू किए गए मनरेगा, एसआईआर  तथा संगठन सृजन से जुड़े कार्यक्रमों को आंदोलन के रूप में लेकर पूरी निष्ठा, लगन और मेहनत के साथ जमीन पर उतारा जाएगा। नेताओं ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा का जीवन और संघर्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है, जो हर हाल में शोषित-वंचित वर्ग के साथ खड़े रहने का संदेश देता है।

जिलाध्यक्ष हाजी आशिक हुसैन भोले ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने हमेशा सड़क से सदन तक गरीबों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाया है। उनका जन्मदिन केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव के लिए संकल्प लेने का अवसर है। कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यक्रम में चोब सिंह धनगर एडवोकेट (पूर्व जिलाध्यक्ष), एकेश लोधी (प्रदेश उपाध्यक्ष, ओबीसी प्रकोष्ठ), गंगा सहाय लोधी (प्रदेश उपाध्यक्ष, ओबीसी प्रकोष्ठ), सुरेंद्र सिंह यादव (जिला कोऑर्डिनेटर, मनरेगा), कयाम बरकाती, संदीप प्रतिहार, सूरजपाल भारती, बुधपाल सिंह बघेल, संजय सिंह यादव, ओमवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह, अशोक कुमार सिंह चौहान, राजवाती रावल, धर्मेंद्र कुमार, कैलाश यादव, राजेंद्र सिंह यादव, हरिचरन रावल एवं कृष्णा शाक्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी वाड्रा के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए संकल्प लिया कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor