बरेली में 10 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया चकबंदी अधिकारी, किसान से मांगे थे 20 हजार रुपये
बरेली। जमीन के दस्तावेज़ में नाम जुड़वाने के लिए 20 हजार की रिश्वत मांगने वाले सहायक चकबंदी अधिकारी को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। बुधवार 14 मई को यह कार्रवाई फरीदपुर तहसील में की गई, जहां अधिकारी महेश सिंह को 10 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
एसपी विजिलेंस अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी महेश सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पूर्व नियोजित योजना के तहत की गई, जिसमें किसान की शिकायत पर ट्रैप बिछाया गया था।
जानकारी के अनुसार, फरीदपुर के एक गरीब किसान ने अपनी जमीन की चकबंदी प्रक्रिया में नाम दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि महेश सिंह ने इसके एवज में 20 हजार रुपये की मांग की और कहा कि बिना पैसे काम नहीं होगा। किसान की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, उसने उधार लेकर 10 हजार की पहली किश्त देने का फैसला किया। तय योजना के अनुसार जैसे ही किसान ने बुधवार को रिश्वत की राशि अधिकारी को सौंपी, विजिलेंस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
इस कार्रवाई से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।