आगरा में 15 दिसंबर से ग्राहक जागरूकता पखवाड़ा: ग्राहक पंचायत रैली से लेकर गोष्ठी और कैम्प आयोजित करेगी
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी 15 से 24 दिसंबर तक ‘ग्राहक जागरूकता पखवाड़ा’ मनाने की घोषणा की है। अतिथिवन में पखवाड़े का पोस्टर जारी कर संगठन ने संकेत दिया कि इस बार रैली, गोष्ठियों और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अभियान को और अधिक जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
आगरा। ग्राहकों के अधिकारों के संरक्षण और उपभोक्ता हितों की रक्षा के उद्देश्य से कार्यरत अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा दिसंबर माह में ‘ग्राहक जागरूकता पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत से पूर्व पखवाड़े के कार्यक्रमों की व्यापक जानकारी देने हेतु वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में आज पदाधिकारियों ने पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेन्ट' ने बताया कि यह वार्षिक पखवाड़ा ग्राहकों को उनके कानूनी अधिकारों, बाजार की भ्रमित रणनीतियों और शिकायत निवारण व्यवस्थाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
15 दिसंबर को भव्य ग्राहक जागरूकता रैली
पखवाड़े की शुरुआत 15 दिसंबर को एक बड़ी ग्राहक जागरूकता रैली से होगी। इस रैली में उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े संदेश दिए जाएंगे और लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रैली का प्रमुख उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी, ठगी, धोखाधड़ी और भ्रामक विज्ञापनों से बचाव, शिकायत निवारण माध्यमों के प्रति जागरूक बनाना है।
24 दिसंबर को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर मुख्य कार्यक्रम
पूरे पखवाड़े का मुख्य आकर्षण 24 दिसंबर, राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर आयोजित होने वाला विशेष आयोजन होगा। इसमें विशेषज्ञ उपभोक्ताओं उनके कानूनी अधिकार, शिकायत निवारण तंत्र और उपभोक्ता कोर्ट प्रक्रियाओं के बारे में बतायेंगे। ग्राहक पंचायत के अनुसार, यह आयोजन उपभोक्ताओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
पखवाड़े में गोष्ठियां और आयुष्मान कार्ड कैम्प
अभियान के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ग्राहक जागरूकता गोष्ठी में कानूनी विशेषज्ञों की सहभागिता होगी। आयुष्मान कार्ड कैम्प लगाया जायेगा, जिसमें स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
ग्राहकों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा प्रयास
कार्यक्रम संयोजक सुमन गोयल ने कहा कि ग्राहक को बाजार का राजा कहा जाता है, परंतु जानकारी के अभाव में वही सबसे अधिक ठगा जाता है। यह पखवाड़ा उपभोक्ताओं को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा प्रयास है।
अतिथि वन में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में इंद्र भूषण कुलश्रेष्ठ, हरिओम गोयल, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, राजेश प्रकाश मित्तल, प्रदीप लूथरा, कुमकुम उपाध्याय, पूजा जैन आदि मौजूद रहे।