फर्जी दवाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार, आगरा से पुंदुचेरी तक फैले रैकेट का पर्दाफाश, 6 कंपनियों के लाइसेंस रद्द

आगरा/ पुंदुचेरी। आगरा और लखनऊ समेत देश के कई राज्यों में फर्जी दवाओं की सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क पर आखिरकार शिकंजा कस गया है। पुंदुचेरी ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने मीनाक्षी फार्मा और अम्मान फार्मा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों फर्मों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। यह कार्रवाई उस बहु-राज्यीय जांच का अहम हिस्सा है, जिसकी शुरुआत अगस्त 2025 में आगरा में हुई छापेमारी से हुई थी और जिसके तार पुंदुचेरी तक जुड़े पाए गए।

Dec 21, 2025 - 16:51
 0
फर्जी दवाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार, आगरा से पुंदुचेरी तक फैले रैकेट का पर्दाफाश, 6 कंपनियों के लाइसेंस रद्द
इमेज फोटो

आगरा छापेमारी से खुला पुंदुचेरी कनेक्शन, 25 करोड़ की नकली दवाएं व प्लांट जब्त, 13 आरोपी जेल में

आगरा/ पुंदुचेरी।  आगरा और लखनऊ समेत देश के कई राज्यों में फर्जी दवाओं की सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क पर आखिरकार शिकंजा कस गया है। पुंदुचेरी ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने मीनाक्षी फार्मा और अम्मान फार्मा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों फर्मों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। यह कार्रवाई उस बहु-राज्यीय जांच का अहम हिस्सा है, जिसकी शुरुआत अगस्त 2025 में आगरा में हुई छापेमारी से हुई थी और जिसके तार पुंदुचेरी तक जुड़े पाए गए।

पुंदुचेरी में फर्जी और बिना लाइसेंस दवाओं के निर्माण व भंडारण के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने कुल 14 दवा निर्माण इकाइयों को सील किया। इनमें से सात इकाइयां बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थीं। इसके अलावा छह दवा कंपनियों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए। यह पूरी कार्रवाई ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 और उससे जुड़े नियमों के तहत की गई है।

जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। कई इकाइयों में बिना अनुमति के दवाओं का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। टीमों ने बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड और संदिग्ध नकली दवाएं, अवैध कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री और दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी जब्त की। जिन कंपनियों पर कार्रवाई हुई, उनमें लॉर्वेन फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, मीनाक्षी फार्मा, अम्मान फार्मा, न्यू जर्सी लाइफ केयर फार्मा, पार्म हाउस और श्रीसन फार्मा शामिल हैं।

इसके अलावा पीआईपीडीआईसी इंडस्ट्रियल एस्टेट, मेट्टुपालयम में बिना लाइसेंस चल रही अंबाल गोल्डन कैप्सूल्स और गोल्डन कैप्सूल्स को भी सील कर दिया गया है। कुरुम्बापेट राजस्व गांव, पूर्णनकुप्पम और थावलाकुप्पम क्षेत्रों में स्थित कई अवैध गोदामों पर छापेमारी कर उन्हें भी बंद कराया गया है।

इस पूरे मामले का सीधा कनेक्शन आगरा से जुड़ा हुआ है। आगरा पुलिस पहले ही मीनाक्षी फार्मा और अम्मान फार्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है, जिसमें एके राणा और राजा को नामजद आरोपी बनाया गया था। हाल ही में आगरा पुलिस ने मुख्य आरोपी एके राणा को पुंदुचेरी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी राजा के खिलाफ बी-वारंट लेकर पुलिस टीम पुंदुचेरी में दबिश दे रही है।

फर्जी दवाओं की सप्लाई में पुंदुचेरी लिंक सामने आने के बाद सीबीसीआईडी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। लगातार छापेमारी में अब तक करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के पैकेजिंग प्लांट, मशीनरी और नकली दवाएं जब्त की जा चुकी हैं। इस संगठित रैकेट से जुड़े 13 लोगों को अब तक पुंदुचेरी में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने बताया कि 15 दवा फॉर्मूलेशन और 20 एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रेडिएंट्स के सैंपल चेन्नई स्थित सेंट्रल ड्रग्स टेस्टिंग लेबोरेटरी भेजे गए हैं। यहां दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और वैधानिक मानकों की गहन जांच की जाएगी। साथ ही देशभर में अलर्ट जारी कर फार्मेसियों और सप्लाई चेन पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि फर्जी दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।