आगरा के किरावली क्षेत्र में गौ रक्षकों ने पकड़ा पशु खाल से भरा ट्रक, चालक-क्लीनर हुए फरार

आगरा के किरावली क्षेत्र में गौ रक्षक कार्यकर्ताओं ने पशुओं के चमड़े से लदा ट्रक पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कार्यकर्ताओं के आक्रोश से भयभीत ट्रक चालक और क्लीनर वाहन छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और पशु चिकित्सक इस बात की जांच कर रहे हैं कि ट्रक में लदी खालें किन पशुओं की हैं।

Sep 18, 2025 - 18:31
 0
आगरा के किरावली क्षेत्र में गौ रक्षकों ने पकड़ा पशु खाल से भरा ट्रक, चालक-क्लीनर हुए फरार
आगरा के किरावली क्षेत्र में विद्यापुर गांव के पास गौ रक्षकों द्वारा पशुओं की खाल लदे ट्रक को पकड़े जाने के बाद मौके पर जुटी भीड़।

किरावली। गुजरात के अहमदाबाद से पशुओं की खाल लादकर बंगाल जा रहे एक ट्रक को किरावली के समीप गौ रक्षक कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया है कि कार्यकर्ताओं ने कौरई टोल प्लाजा से ट्रक का पीछा किया और ग्राम विद्यापुर के पास जबरन रोक लिया।

जैसे ही ट्रक रुका, कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए चालक और क्लीनर ट्रक सड़क पर ही छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। ट्रक संख्या RJ 29GB 2057 की तलाशी लेने पर पशुओं की खाल का बड़ा जखीरा मिला। कार्यकर्ताओं ने तुरंत पुलिस को बुलाया और पुलिस ने मौके पर पशु चिकित्सक को भी जांच के लिए बुला लिया।

स्थानीय जानकारों का कहना है कि ट्रक में लदा चमड़ा अलग-अलग रंग का है। अधिकांश खालें काले और अन्य रंगों की हैं। कुछ लोगों का तर्क था कि यदि यह पूरी तरह गौवंशीय चमड़ा होता तो इसका रंग सफेद होना चाहिए था। इस मुद्दे को लेकर लोगों के बीच देर तक बहस और तर्क-वितर्क चलता रहा।

किरावली पुलिस ने ट्रक को थाने में खड़ा कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पशु चिकित्सक की रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि ट्रक में लदा चमड़ा किस पशु का है।

SP_Singh AURGURU Editor