आगरा में प्लास्टिक कट्टे में फेंका गया गौ वंश, दूसरी बार हुई घिनौनी हरकत से हिन्दू संगठनों में आक्रोश

आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में बैनारा फैक्ट्री के पास लगातार दूसरी बार प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर गौ वंश को फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हरकत से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और प्रशासन को पूरे प्रकरण से अवगत कराया।

Jan 8, 2026 - 19:24
 0
आगरा में प्लास्टिक कट्टे में फेंका गया गौ वंश, दूसरी बार हुई घिनौनी हरकत से हिन्दू संगठनों में आक्रोश
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में बैनारा फैक्ट्री के पास प्लास्टिक के कट्टे में गौ वंश के अवशेष मिलने पर मौके पर जुटे विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाती पुलिस।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हिंदूवादियों को समझाकर शांत किया और मौके पर मिले गौ वंश के अवशेषों को जमीन में दफन कराया। पुलिस ने दोषियों को जल्द पकड़ने का भरोसा लोगों को दिया है।

हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं केवल सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने और क्षेत्र में तनाव पैदा करने के उद्देश्य से की जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि इसी स्थान के आसपास पहले भी इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है। लगातार दूसरी बार गौ वंश को प्लास्टिक कट्टे में फेंकना सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बजरंग दल के शिवम दुबे ने इस संबंध में थाना जगदीशपुरा में लिखित तहरीर दी है। तहरीर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और क्षेत्र में सीसीटीवी व गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।

घटना स्थल पर विहिप प्रांत उपाध्यक्ष सुनील परासर, विहिप जिला सह मंत्री शिवम दुबे, सह धर्म प्रसार प्रमुख राहुल तिवारी, शुभम जैन, कार्तिक मुद्गल, शिवम, सारांश बजरंगी, सचिन गोले, जतिन बजरंगी, जतिन राजपूत, संदीप, हिमांशु शर्मा, कृष्णा सहित सैकड़ों बजरंग दल कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

SP_Singh AURGURU Editor