प्रिल्यूड में क्रिकेट पिच का लोकार्पण, पूनम यादव ने महिला क्रिकेटरों को किया प्रोत्साहित
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट पिच का लोकार्पण हुआ। इसी क्रम में 13 सितंबर 2025 को अर्जुन पुरस्कार विजेता और भारतीय महिला क्रिकेटर पूनम यादव विशेष रूप से पहुंचीं और महिला खिलाड़ियों से रूबरू होकर उन्हें प्रोत्साहित किया। विद्यालय परिसर में 15 से 17 सितंबर तक यूपीसीए के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, आगरा द्वारा इंटर जोनल गर्ल्स अंडर-19 टीम के चयन ट्रायल भी होंगे।
पूनम यादव का विद्यालय के निदेशक ने स्वागत किया। वर्तमान बोर्ड ट्रॊफी खिलाड़ी पूनम यादव ने इस मौके पर कहा कि क्रिकेट में निष्ठा, ईमानदारी और निरंतर अभ्यास से ही सफलता संभव है।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका अर्सला नदीम ने उनका साक्षात्कार लिया, जिसके कुछ महत्त्वपूर्ण अंश निम्नांकित हैं-
सवालः क्रिकेट में आपकी रुचि कैसे उत्पन्न हुई और आपने इस खेल को चुनने का फैसला क्यों लिया?
जवाबः पहले मैं गलियों में लड़कों के साथ खेलती थी। फिर मुझे पता चला कि क्रिकेट लड़कियों का भी होता है। तभी मैंने ठान लिया कि अब इसी खेल में कुछ कर दिखाना है।
सवालः आपने अपनी क्रिकेट यात्रा में किस प्रकार की चुनौतियों का सामना किया है?
जवाबः उस समय लड़कियों को क्रिकेट खेलने की इतनी स्वतंत्रता नहीं थी और लोग भी घर वालों को तरह-तरह के ताने देते थे कि लड़की को लड़कों के खेल खिला रहे हैं, परंतु मैंने इन सब बातों पर ध्यान नहीं दिया। इसके अतिरिक्त पहले अब जैसी सुविधाएं भी नहीं मिलती थीं।
सवालः पिच के विषय में आप कुछ कहना चाहती हैं?
जवाबः विद्यालय क्रीड़ांगण में बनी यह पिच बहुत अच्छी है, जिस पर महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर अपने देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
सवालः भविष्य के लिए आपके क्या लक्ष्य हैं?
जवाबः मेरा लक्ष्य है कि मैं विश्व कप में खेलूं व क्रिकेट को उच्चतम स्तर पर ले जा सकूं।
सवालः महिला क्रिकेट के भविष्य के बारे में आपकी क्या उम्मीदें हैं?
जवाबः मैं चाहती हूं कि महिला खिलाड़ियों को भी वही सम्मान प्राप्त हो, जो पुरुष खिलाड़ियों को होता है एवं नई-नई प्रतिभाओं को अवसर मिलने चाहिए।
सवालः आप खिलाड़ियों को कैसे प्रेरित करेंगी?
जवाबः मैं सभी खिलाड़ियों को पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी के साथ खेलने के लिए प्रेरित करना चाहती हूं।
सवालः विद्यालय के संबंध में आपके क्या विचार हैं?
जवाबः स्वच्छता, सुंदरता व पर्यावरणीय महत्व को दृष्टिगत रखते प्रिल्यूड सर्वश्रेष्ठ विद्यालय है। विद्यालय क्रीड़ांगण में महिला क्रिकेटरों हेतु क्रिकेट पिच की व्यवस्था करना एक अनूठी पहल है, जो शहर व आस-पास की महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
सवालः आप भावी खिलाड़ियों को क्या सलाह देना चाहेंगी ?
जवाबः मेरा मानना है कि सदैव अपना सौ प्रतिशत देना चाहिए और किसी भी क्षेत्र में शॉर्टकट के पीछे नहीं भागना चाहिए, तो सफलता जरूर मिलती है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने पूनम यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल लड़कियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में पिच के निर्माण का उद्देश्य महिलाओं में क्रिकेट को बढ़ावा देने व उन्हें उच्चतम स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर प्रदान करना है।