यूपी महिला आयोग में मौजूदा नेतृत्व बरकरार, अध्यक्ष डॊ. बबिता चौहान समेत दोनों उपाध्यक्षों का कार्यकाल एक साल बढ़ा
लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव और श्रीमती चारू चौधरी अब एक वर्ष और अपने पदों पर रहेंगी। प्रदेश सरकार ने तीनों पदाधिकारियों के कार्यकाल में एक साल का विस्तार किया है। आयोग के 25 नामित सदस्यों का कार्यकाल भी बढ़ाया गया है।
महिला कल्याण विभाग की ओर से जारी आदेश में कार्यकाल को वर्तमान अवधि समाप्त होने की तारीख से अगले एक वर्ष के लिए बढ़ाने की व्यवस्था की गई है। इससे आयोग में अध्यक्ष, दोनों उपाध्यक्षों और नामित सदस्यों की मौजूदा टीम अगले एक साल तक अपनी जिम्मेदारियां निभाती रहेगी।
डॉ. बबिता सिंह चौहान के कार्यकाल में आयोग ने महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई के साथ संबंधित विभागों और अधिकारियों को कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। जिम और बुटीक में महिलाओं की नियुक्ति संबंधी आयोग के फैसले देश भर में चर्चा का विषय बने थे।
राज्य महिला आयोग का प्रमुख दायित्व महिलाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई और उनके अधिकारों की रक्षा से जुड़े मामलों में कार्रवाई करना है। आयोग संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के तहत महिलाओं के लिए उपलब्ध सुरक्षा उपायों की जांच-पड़ताल कर राज्य सरकार को आवश्यक सिफारिशें भी देता है।
कार्यकाल विस्तार के साथ अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और चारू चौधरी तथा आयोग के नामित सदस्यों की मौजूदा व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।