दबंगों की कानून को खुली चुनौती: आगरा के पिनाहट क्षेत्र में प्रधान पुत्र पर जानलेवा हमला, फायरिंग और कार तोड़फोड़ से दहशत

आगरा। जनपद के पिनाहट क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रंजिश के चलते प्रधान पुत्र पर न सिर्फ हमला किया गया, बल्कि उसकी कार को क्षतिग्रस्त कर फायरिंग तक की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है।

Mar 30, 2026 - 10:14
 0
दबंगों की कानून को खुली चुनौती: आगरा के पिनाहट क्षेत्र में प्रधान पुत्र पर जानलेवा हमला, फायरिंग और कार तोड़फोड़ से दहशत
पीड़ित आकाश कुशवाह।

थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव मनोना निवासी आकाश कुशवाह ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह पिनाहट से अपनी कार द्वारा गांव लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही कुछ दबंगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी कार पर ईंट-पत्थरों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, हमलावर यहीं नहीं रुके। उसे कार से जबरन बाहर खींच लिया गया और करीब 200 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले जाकर बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान आरोपियों ने कट्टे से उस पर दो राउंड फायरिंग भी की, लेकिन किस्मत से वह बाल-बाल बच गया।

घटना के दौरान युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे दबंगों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

आकाश कुशवाह का कहना है कि यह उस पर पांचवीं बार हमला किया गया है। उसने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि इससे पहले भी यही दबंग उसकी चचेरी बहन के साथ छेड़छाड़ जैसी हरकत कर चुके हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने के चलते उनके हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और हालात को नियंत्रित किया।  फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पीएसी तैनात कर दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor