ताजमहल पर डांस! विदेशी पर्यटक का वीडियो वायरल, गाइड पर गिर सकती है गाज
आगरा। दुनिया की सबसे खूबसूरत मोहब्बत की निशानी ताजमहल एक बार फिर फिर सुर्खियों के केंद्र में आ गया है, मगर इस बार वजह इश्क नहीं, इंस्टाग्राम रील है! स्मारक के रेड प्लेटफॉर्म पर एक विदेशी महिला पर्यटक का डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला पारंपरिक भारतीय धुन पर थिरकती दिख रही है, और यही दृश्य सुरक्षा एजेंसियों को परेशान करने के लिए काफी था।
सूत्रों के अनुसार, यह विदेशी महिला एक ट्रेवल एजेंसी के गाइड के साथ ताजमहल घूमने आई थी। गाइड ने ही उसे एक खास शॉट के लिए डांस करने को कहा और कैमरा थामकर वीडियो शूट कर डाला। जब तक एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) और सीआईएसएफ के सुरक्षा कर्मियों को भनक लगी, तब तक मोबाइल में ‘लाइक और शेयर’ के लिए वीडियो कैद हो चुका था।
एएसआई कर्मियों ने फौरन महिला को रोका और वीडियो डिलीट करवाया, मगर सोशल मीडिया की रफ्तार किसी की पकड़ में नहीं आती। वीडियो मिनटों में वायरल हो गया। अब यह क्लिप न सिर्फ इंटरनेट पर ट्रेंड कर रही है, बल्कि ताज की सुरक्षा एजेंसियों के बीच भी खलबली मचा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ताजमहल परिसर में डांस, योग या किसी भी सांस्कृतिक एक्टिविटी पर सख्त पाबंदी है। ऐसे में इस वीडियो का बनना न सिर्फ सुरक्षा में चूक माना जा रहा है बल्कि गाइड और एजेंसी दोनों के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
एएसआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ताजमहल में इस तरह की गतिविधियों की अनुमति बिल्कुल नहीं है। अगर यह वीडियो हालिया पाया गया तो गाइड और एजेंसी दोनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, जांच टीमें वीडियो की लोकेशन व टाइमिंग की पुष्टि में जुटी हैं, जबकि नेटिज़न्स इसे कल्चरल क्लैश और डिजिटल इर्रेस्पॉन्सिबिलिटी की मिसाल बताकर बहस छेड़ चुके हैं।