फोन पर बात करने से न मानी बेटी, ता ने डंडों से पीट-पीटकर मार डाली, शाहजहांपुर में सनसनी
-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। एक मामूली पारिवारिक विवाद ने पूरे गांव को दहला दिया। रोजा थाना क्षेत्र के सूतनेरा गांव में सोमवार को एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय बेटी को केवल इसलिए मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि वह उसके मना करने के बावजूद किसी परिचित से फोन पर बात कर रही थी। गुस्से में आकर पिता ने बेटी को डंडों से तब तक पीटा, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पिता नूर मोहम्मद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि सूतनेरा गांव की रहने वाली रूबी (18) अक्सर किसी परिचित युवक से फोन पर बातचीत किया करती थी। पिता नूर मोहम्मद ने उसे कई बार ऐसा न करने की हिदायत दी, लेकिन रूबी ने बात करना बंद नहीं किया। इससे नाराज पिता और बेटी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
सोमवार को नूर मोहम्मद ने गुस्से में बेटी का मोबाइल फोन तोड़ दिया और घर से बाहर फेंक दिया। इसी बात पर दोनों के बीच फिर झगड़ा शुरू हो गया। मृतका की भाभी ने पुलिस को बताया कि झगड़े के दौरान पिता ने पास में पड़ा डंडा उठाया और रूबी पर लगातार वार करने लगा। डंडों की बर्बर पिटाई से युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान आरोपी पिता गांव में ही छिपा मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।