मुरैना में करंट से झुलसी डीसीएम, आगरा के 2 युवकों की मौत, 6 घायल

मुरैना में कैटरिंग का काम करने गए आगरा के 8 युवकों की डीसीएम गाड़ी बिजली के तार से टकरा गई, जिससे गाड़ी में करंट फैल गया। हादसे में 2 युवकों (आलोक 22 वर्ष, विक्की 16 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। दोनों मृतक बेहद गरीब परिवार से थे, घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Apr 19, 2026 - 20:25
 0
मुरैना में करंट से झुलसी डीसीएम, आगरा के 2 युवकों की मौत, 6 घायल
मृतक युवकों के परिजन विलाप करते हुए।

आगरा। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दर्दनाक हादसे ने आगरा के दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। थाना माता बसैया क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव में आगरा से कैटरिंग का काम करने गए युवकों की डीसीएम गाड़ी अचानक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे पूरी गाड़ी में करंट दौड़ गया।

बताया जा रहा है कि आगरा से 8 युवक डीसीएम गाड़ी में कैटरिंग का सामान लेकर मुरैना गए थे। रास्ते में गाड़ी ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि पूरे वाहन में करंट फैल गया और उस समय गाड़ी पर खड़े युवक सीधे इसकी चपेट में आ गए।

इस हादसे में थाना सदर क्षेत्र की साउथ रेलवे कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय आलोक पुत्र राम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुल्तानपुरा  छोटी बस्ती निवासी 16 वर्षीय किशोर विक्की ने भी दम तोड़ दिया। विक्की पहले से ही अनाथ था। उसके माता-पिता की मौत काफी पहले हो चुकी थी और उसका पालन-पोषण परिजनों ने किया था।

हादसे में अन्य 6 युवक भी करंट की चपेट में आए। इनमें रिंकू और श्याम नाम के युवक कुछ देर तक बेहोश रहे, लेकिन बाद में उन्हें होश आ गया। अन्य घायलों को भी करंट लगा, जिनका इलाज जारी है।

मृतक आलोक के भाई दीपक ने बताया कि हादसे के वक्त आलोक और विक्की गाड़ी के ऊपर खड़े थे, जिससे उन्हें सबसे ज्यादा करंट लगा। उधर, विक्की की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।

स्थानीय पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। आलोक की मां और पिता गहरे सदमे में हैं, वहीं विक्की के परिजन भी बदहवास हैं।