प्रेम के प्रतीक ताजमहल के साए में मौत की खामोश दस्तक, महाराष्ट्र के पर्यटक की मौत
आगरा। प्रेम के प्रतीक ताजमहल की एक झलक पाने आए महाराष्ट्र के एक पर्यटक की अचानक मौत से मंगलवार दोपहर ताज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। रॉयल गेट के पास अचानक बेहोश होकर गिरे पर्यटक को तुरंत ताज की डिस्पेंसरी और फिर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी 45 वर्षीय शिवलिंग बबय्या स्वामी के रूप में हुई है, जो अपने साथियों संग आगरा भ्रमण पर आए थे। दोपहर करीब 1:35 बजे जब वह रॉयल गेट के पास पहुंचे, तभी अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। साथी पर्यटकों के शोर मचाने पर तुरंत ही मौके पर सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम पहुंची और स्थिति को संभाला।
सीआईएसएफ कर्मियों ने बेहोश पर्यटक को ताज के पश्चिमी गेट पर स्थित डिस्पेंसरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद हालत गंभीर बताकर उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी कि पर्यटक की जान किन परिस्थितियों में गई।
इस दर्दनाक घटना के बाद ताजमहल आए अन्य पर्यटकों में भी मायूसी और चिंता का माहौल रहा।