बस-मैक्स भिड़ंत में मृतक संख्या तीन हुई, लोगों ने बाईपास जाम किया  

आगरा। दक्षिणी बाईपास पर अछनेरा थाना क्षेत्र में मगूर्रा कट के पास बीती रात एक यात्री बस और मैक्स पिकअप के बीच हुई भिड़ंत में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। इधर सुबह होने के बाद आसपास के गांवों के लोग दक्षिणी बाईपास पर एकत्रित हो गए और जाम लगा दिया। ग्रामीण हादसे में मृत लोगों के लिए मुआवजे और घायलों के इलाज की मांग कर रहे थे।

Jan 19, 2025 - 17:43
 0
बस-मैक्स भिड़ंत में मृतक संख्या तीन हुई, लोगों ने बाईपास जाम किया   
दक्षिणी बाईपास पर बीती रात हुए सड़क हादसे के बाद मौके पर लगा जाम। बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त मैक्स पिकअप भी दिखाई दे रही है। 

इस हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि 21 लोग घायल हुए थे। घायलों में से एक और की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में मृत लोगों के नाम मनोज ललित और मोनू हैं। इनमें एक-एक किरावली और अछनेरा थाना क्षेत्र के हैं जबकि तीसरा मैनपुरी का निवासी बताया गया है। 

सुबह आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में बाईपास पर पहुंच गए और जाम लगा दिया था, जिससे दक्षिणी बाईपास पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई थी। बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर जाम को खुलवाया।

हादसे में मृत और घायल लोग श्रमिक थे जो कि लाम्बा जूता फैक्ट्री में काम कर मैक्स पिकअप से अपने घरों को वापस लौट रहे थे। पिकअप में लगभग 60 श्रमिक सवार थे। ये श्रमिक मगूर्रा, जनूथा व किरावली आदि के निवासी थे। यात्री बस ने मैक्स पिकअप में पीछे से टक्कर मारी, जिससे मैक्स पिकअप के परखच्चे उड़ गए, वहीं यात्री बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। अछनेरा थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

SP_Singh AURGURU Editor